पुराने यमुना पुल पर लावारिस मिली बाइक, अकाउंटेंट के यमुना में छलांग लगाने की आशंका से हड़कंप
पुराने यमुना पुल पर लावारिस मिली बाइक, अकाउंटेंट के यमुना में छलांग लगाने की आशंका से हड़कंप

प्रयागराज। कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित पुराने यमुना पुल पर शुक्रवार देर रात एक बाइक लावारिस हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। बाइक की पहचान अतरसुइया थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय अकाउंटेंट तुषार केशरवानी की बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि तुषार ने संदिग्ध परिस्थितियों में यमुना नदी में छलांग लगाई हो सकती है।
जानकारी के अनुसार तुषार एक निजी फर्म में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। शुक्रवार शाम करीब छह बजे वह बाइक लेकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें सूचना दी कि उनकी बाइक पुराने यमुना पुल पर खड़ी मिली है।
परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तुषार का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कीडगंज थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया।
देर रात तक तलाश जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार तड़के पुलिस और गोताखोरों ने दोबारा यमुना में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कीडगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह के अनुसार, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि तुषार के लापता होने की वास्तविक वजह सामने आ सके।
घटना के बाद से तुषार के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि तुषार के संबंध में किसी को कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल कीडगंज थाना पुलिस को सूचित करें!

