रहवासी इलाके में संचालित स्क्रैप यार्ड की सुरक्षा पर उठे सवाल, भीषण आग से मचा हड़कंप

अनपरा के वार्ड नंबर-20 स्थित जय मां शारदा ट्रेडर्स स्क्रैप यार्ड में अज्ञात कारणों से लगी आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से पाया गया काबू, रहवासी बस्ती के बीच ऐसे कारोबार के संचालन पर उठी सुरक्षा की चिंता

अनपरा (सोनभद्र)। नगर पंचायत अनपरा के वार्ड नंबर-20 स्थित डीह बाबा रोड पर रहवासी इलाके के बीच संचालित जय मां शारदा ट्रेडर्स स्क्रैप यार्ड में शनिवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लगने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय रहवासी दहशत में आ गए। आग बुझाने के लिए स्थानीय लोगों ने शुरुआती प्रयास किए, वहीं सूचना मिलने पर अनपरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।पुलिसकर्मियों और अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पाया गया। इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी बस्तियों के बीच संचालित स्क्रैप यार्ड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।अब जांच के दायरे में ये सवाल भी जरूरी हैं क्या स्क्रैप यार्ड के संचालन के लिए सभी आवश्यक अनुमतियां और पंजीकरण हैं क्या अग्निशमन विभाग से सुरक्षा संबंधी मानकों का सत्यापन कराया गया है क्या परिसर में ज्वलनशील सामग्री सुरक्षित तरीके से रखी जाती है क्या नगर पंचायत और संबंधित विभाग ने रहवासी क्षेत्र में इसके संचालन की अनुमति एवं सुरक्षा मानकों की जांच की है स्थानीय प्रशासन, नगर पंचायत और अग्निशमन विभाग से अपेक्षा है कि घटना को महज आग बुझाने तक सीमित न रखते हुए प्रतिष्ठान की सुरक्षा व्यवस्था, संचालन संबंधी अनुमति और रिहायशी क्षेत्र में इसकी उपयुक्तता की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।
बड़ा सवाल: व्यापारिक गतिविधियों के साथ आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?

