विजिलेंस ने सपा नेता और तत्कालीन हज समिति अध्यक्ष आजम खान समेत 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की

विजिलेंस जांच में जमीन की बिक्री से समिति को 2.08 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की पुष्टि हुई है। आरोप है कि निजी फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए जमीन बेचने में नियमों की अनदेखी की गई और पद का दुरुपयोग किया गया।
मामला लखनऊ के ऐशबाग इलाके के कायमखेड़ा (दुगांवा) की जमीन से जुड़ा है। यहां खसरा संख्या-117 में राज्य हज समिति की करीब 60 हजार वर्गफीट जमीन बताई गई है।
विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर में इंस्पेक्टर ध्रुव चंद्र मौर्य की तहरीर पर FIR दर्ज की गई है। जांच में सामने आया कि जमीन की बिक्री के दौरान निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया। विजिलेंस के मुताबिक, इसी वजह से हज समिति को 2.08 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
जांच में निजी फर्म को लाभ पहुंचाने और पद के दुरुपयोग के आरोप भी सामने आए हैं। मामले में विजिलेंस ने आजम खान समेत 5 लोगों को आरोपी बनाया है।

