September 13, 2026

दधिकांदो मेला आज, धूमनगंज में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

0

दधिकांदो मेला आज, धूमनगंज में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

सुलेम सराय मेले को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन लागू, शाम 4 बजे तक वाहनों का डायवर्जन: दोपहर 12 बजे से ईंधन टैंकरों पर भी रोक

धूमनगंज थाना क्षेत्र के सुलेम सराय में रविवार को आयोजित ऐतिहासिक दधिकांदो मेला कार्यक्रम को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन जारी किया है। मेला क्षेत्र में भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए हाईकोर्ट पानी की चौराहा से मंदर मोड़ तक सभी प्रकार के भारी वाहन, ट्रक, ट्रैक्टर, ट्रेलर, टैंकर और चार पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। सभी वाहनों का डायवर्जन शाम 4 बजे से मेला समाप्ति तक किया जाएगा।
*इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन*
प्रयागराज शहर की ओर से धूमनगंज क्षेत्र और कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहन शाही पुल, झूंसी, अंदावा तिराहा, सहसों और कोखराज होते हुए जाएंगे। वहीं फतेहपुर-कानपुर की ओर जाने वाली रोडवेज और इलेक्ट्रॉनिक बसें विधानसभा रोडवेज बस अड्डा से शाही पुल, झूंसी, अंदावा तिराहा, सहसों और कोखराज होकर संचालित होंगी।
कानपुर और फतेहपुर से प्रयागराज शहर की ओर आने वाले वाहनों का डायवर्जन कोखराज से किया जाएगा। ये वाहन कोखराज से सहसों, अंदावा और शाही पुल झूंसी होते हुए शहर क्षेत्र में प्रवेश करेंगे।
ईंधन टैंकरों पर दोपहर 12 बजे से रोक
यातायात पुलिस के अनुसार डीजल, पेट्रोल, गैस व केरोसिन के टैंकरों तथा अति आवश्यक वाहनों का आवागमन दोपहर 12 बजे से मेला समाप्ति तक शहर क्षेत्र में प्रतिबंधित रहेगा। इन टैंकरों को इंडियन ऑयल प्लांट इलाहाबाद से कटहुला मोड़, एयरपोर्ट से भगवतपुर तिराहा होते हुए कौशांबी रोड से आगे भेजा जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुलेम सराय-धूमनगंज क्षेत्र में दधिकांदो मेले को देखते हुए निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, ताकि मेले के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *