October 22, 2026

दबंगो पर रास्ता अवरुद्ध का आरोप, प्रशासन से न्याय की गुहार, जेसीबी से मिट्टी डालकर आवागमन रोकने का आरोप

0

दबंगो पर रास्ता अवरुद्ध का आरोप, प्रशासन से न्याय की गुहार, जेसीबी से मिट्टी डालकर आवागमन रोकने का आरोप

प्रयागराज। करछना तहसील के बसही गांव निवासी अरविंद कुमार मिश्रा ने बृहस्पतिवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में प्रेसवार्ता कर अपने पड़ोसियों पर रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनके घर के साथ ही मंदिर तक आने-जाने का रास्ता भी इसी मार्ग से होकर गुजरता है। रास्ता बंद होने से स्थानीय लोगों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अरविंद कुमार मिश्रा के मुताबिक, वर्ष 2022 में विपक्षियों ने रास्ते पर गेट लगाकर आवागमन बंद करने का प्रयास किया था। इस संबंध में तहसील में शिकायत की गई, जिसके बाद एसडीएम के आदेश पर गेट हटाने तथा ग्राम प्रधान को खड़ंजा अथवा इंटरलॉकिंग सड़क बनवाने के निर्देश दिए गए थे। उनका दावा है कि सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत होने और संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक काम शुरू नहीं हुआ। अधिकारियों से शिकायत करने पर भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।

उन्होंने आरोप लगाया कि 20 अक्टूबर की रात विपक्षियों ने जेसीबी से रास्ते पर मिट्टी डलवाकर आवागमन बाधित कर दिया। इससे रास्ता बंद होने के साथ जलनिकासी की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। अरविंद कुमार मिश्रा का कहना है कि उनके पास सड़क निर्माण के संबंध में एसडीएम का आदेश है,और विपक्षी के पास कौन सा आदेश है जो वो रास्ते को अवरुद्ध कर रहे है ये समझ से परे है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी, मंडलायुक्त और एसडीएम करछना सहित संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी गई है। उनकी मांग है कि रास्ते पर डाली गई मिट्टी हटवाकर आवागमन बहाल कराया जाए अथवा स्थायी समाधान के लिए इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाए। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने की मांग की, ताकि ग्रामीणों और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे