September 29, 2026

पिपरी के तुर्रा बाजार में पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, पिता-भतीजे पर चाकू से हमला

0

पिपरी के तुर्रा बाजार में पारिवारिक विवाद में खूनी संघर्ष, पिता-भतीजे पर चाकू से हमला


पिता मुश्ताक अली और भतीजे वसीम अली गंभीर घायल, आरोपी पुत्र शिबू अली घटना के बाद फरार

रिपोर्ट मनोज सिंह राणा सोनभद्र

पिपरी, 29 सितंबर। थाना पिपरी क्षेत्र के तुर्रा बाजार वार्ड नंबर-12 में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक युवक ने कथित रूप से अपने पिता और भतीजे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मुश्ताक अली पुत्र स्वर्गीय चुना मास्टर तथा उनके भतीजे वसीम अली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जाता है कि मुश्ताक अली अपने कमरे में सो रहे थे, तभी उनका पुत्र शिबू अली कथित रूप से हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान मुश्ताक अली के हाथ में चाकू लगने से गंभीर चोट आई और उनका हाथ टूट गया।
पिता को बचाने के लिए उनके भतीजे वसीम अली बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में वसीम अली के चेहरे और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी शिबू अली मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना पिपरी पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर खोजबीन कर रही है।
वहीं, गंभीर रूप से घायल मुश्ताक अली और वसीम अली को परिजनों द्वारा स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद तुर्रा बाजार क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के संबंध में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे