September 29, 2026

उत्तर प्रदेश प्रयागराज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए महिला राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

0

*उत्तर प्रदेश प्रयागराज में 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए महिला राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार*

*मकान का गृहकर संशोधित करने के लिए मांगी थी रिश्वत, एंटी करप्शन टीम ने नगर निगम कार्यालय से महिला राजस्व निरीक्षक को रंगे हांथों किया गिरफ्तार*

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मंगलवार को नगर निगम के जोन-7 फाफामऊ कार्यालय में तैनात महिला राजस्व निरीक्षक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि महिला अधिकारी ने एक मकान का बढ़ा हुआ गृहकर संशोधित करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना फाफामऊ में मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, फाफामऊ के शांतिपुरम गद्दोपुर निवासी शारिक अहमद ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसकी मां के नाम पंजीकृत मकान का बढ़ा हुआ गृहकर संशोधित करने के लिए क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक राधा देवी ने 20 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की योजना बनाई। इसी क्रम में मंगलवार, 29 सितंबर को 14 सदस्यीय ट्रैप टीम गठित कर नगर निगम कार्यालय जोन-7 फाफामऊ में कार्रवाई की गई।

दोपहर करीब 1:16 बजे लोकसेवक साक्षियों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में राजस्व निरीक्षक राधा देवी को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी राधा देवी, अंशुल कुमार की पत्नी और गिरधारी लाल की पुत्री हैं। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ जनपद के मान्धाता थाना क्षेत्र के पुरेला गांव की निवासी हैं और वर्तमान में फाफामऊ क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक के पद पर तैनात थीं। उनका अस्थायी पता गोविंदपुर,थाना शिवकुटी, प्रयागराज बताया गया है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम द्वारा गिरफ्तारी के बाद आरोपी के विरुद्ध थाना फाफामऊ में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराने की कार्रवाई की जा रही है।

*भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए जारी किए नंबर*

भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई अराजपत्रित सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तत्काल दर्ज कराएं।

इसके लिए प्रयागराज मंडल के मोबाइल नंबर 9454402490 या भ्रष्टाचार निवारण संगठन मुख्यालय, लखनऊ के कंट्रोल रूम नंबर 9454402484 पर संपर्क किया जा सकता है। संगठन ने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे