November 14, 2026

जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लम्बित शिकायतों की समीक्षा की

0

*जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लम्बित शिकायतों की समीक्षा की*

*जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में खराब फीडबैक पाये जाने एवं बैठक से अनुपस्थित रहने पर सम्बंधित से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के दिए निर्देश*

*शिकायतों के निस्तास्तरण में लापरवाही एवं उदासीनता पाये जाने पर सम्बंधित के विरूद्ध की जायेगी कड़ी कार्रवाई*

*प्रयागराज 13 नवम्बर।*जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को संगम सभागार में आईजीआरएस से सम्बंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। बैठक में अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत तथा खान निरीक्षक के अनुपस्थित रहने तथा खराब फीडबैक पाये जाने एवं वरिष्ठ निरीक्षक विधिक बाट माप के खराब फीडबैक पाये जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं के संतुष्टिकरण का फीडबैक बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत शिकायकर्ताओं से वार्ता किए जाने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के उपरान्त उसका परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता की संतुष्टि का वास्तविक आकलन हो सके। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलम्ब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जिन विभागों में शिकायतें लंबित हैं, उनका प्राथमिकता पर निस्तारण कराते हुए पोर्टल पर समय से रिपोर्ट अपलोड की जाए तथा साथ ही बार-बार प्राप्त होने वाली शिकायतों के कारणों का चिन्हांकन कर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारीगण, उपजिलाधिकारी, तहसीलदार के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे