अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर 200 छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर 200 छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर दिया स्वच्छता का संदेश

प्रयागराज, 12 अगस्त 2026। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर नगर निगम प्रयागराज द्वारा जोन–08 के झूंसी स्थित लाल मनमोहन दास इंटर कॉलेज में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस का संदेश दिया तथा स्वच्छ, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. निरंजन सिंह ने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग सकारात्मक दिशा में करते हुए स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपने आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और प्रयागराज को स्वच्छ बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस प्रा. लि. के IEC Head कृष्ण कुमार मौर्य ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “‘युवा’ शब्द का उल्टा ‘वायु’ होता है। वायु को कोई रोक नहीं सकता, वह हर प्राणी में श्वास का संचार करती है। उसी तरह युवा शक्ति भी देश की धड़कन है—असीम, गतिशील और परिवर्तन की ताकत।” उन्होंने युवाओं से स्वच्छता के संदेश को अपने परिवार, विद्यालय और समाज तक पहुंचाने की अपील की।
वहीं, सृष्टि वेस्ट मैनेजमेंट सर्विस प्रा. लि. के अशोक कुमार पटेल और राजेंद्र तिवारी उर्फ दुकान जी ने भारत सरकार की नई गाइडलाइन के अनुरूप 04 बिन सेग्रीगेशन व्यवस्था के बारे में छात्र-छात्राओं को जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से घर एवं आसपास के स्तर पर कचरे को निर्धारित चार श्रेणियों में अलग-अलग रखने तथा कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्रोत पर कचरे का सही पृथक्करण स्वच्छता व्यवस्था की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। मानव श्रृंखला के माध्यम से युवाओं ने समाज में स्वच्छता और जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप दिया जा सकता है और स्वच्छ प्रयागराज के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक है।
“युवा जागेगा, स्वच्छता बढ़ेगी — स्वच्छ प्रयागराज, सशक्त भारत।”

