इकबाल के कलाम में इंसानियत और भाईचारे का पैगाम, मौजूदा दौर में भी प्रासंगिक

*नवाब गार्डन में आयोजित हुआ एक दिवसीय कार्यक्रम, देशभर के शिक्षाविदों और साहित्यकारों ने पेश किए शोधपत्र*

प्रयागराज। उर्दू विभाग, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के तत्वावधान में रविवार को करैलाबाग स्थित नवाब गार्डन में ‘कलाम-ए-इकबाल की असरी मानवीयत’ विषय पर एक दिवसीय अकादमिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े शिक्षाविदों, साहित्यकारों और शोधकर्ताओं ने शिरकत की। कार्यक्रम में अल्लामा इकबाल के कलाम, उनके विचारों, इंसानी मूल्यों, आपसी भाईचारे और मौजूदा दौर में उनकी प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इकबाल का साहित्य केवल शायरी तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें इंसानियत, आत्मसम्मान, सामाजिक चेतना और पूरी मानवता के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश मौजूद है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर अली अहमद फातमी ने की, जबकि संचालन दिल्ली के डॉक्टर खान मोहम्मद रिजवान ने किया। शुरुआत में अदब सिलसिला, नई दिल्ली के मुदीर सह-माही मोहम्मद सलीम अलीग ने इस्तकबालिया कलिमात पेश किए। उन्होंने सभी मेहमानों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के विषय की अहमियत पर रोशनी डाली।
मुख्य अतिथि के रूप में खुदा बख्श ओरिएंटल पब्लिक लाइब्रेरी, पटना के डायरेक्टर प्रोफेसर जाहिद उल हक मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अरबी एवं फारसी विभाग की पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर सालेहा रशीद, पंजाब केसरी-हिंद समाचार ग्रुप जालंधर के वरिष्ठ पत्रकार मजहर आलम मजहरी शामिल रहे।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्रोफेसर अली अहमद फातमी ने अल्लामा इकबाल के साहित्यिक और बौद्धिक योगदान पर चर्चा करते हुए कहा कि इकबाल का कलाम इंसान को अपनी पहचान, आत्मसम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराता है। उनकी शायरी में मानवता और इंसानी मूल्यों की जो सोच दिखाई देती है, वह आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इकबाल को समझने के लिए उनके कलाम का व्यापक सामाजिक और मानवीय संदर्भ में अध्ययन जरूरी है।
मुख्य अतिथि प्रोफेसर जाहिद उल हक ने अपने संबोधन में कहा कि अल्लामा इकबाल की शायरी में इंसान और इंसानियत को विशेष महत्व दिया गया है। उनके विचार किसी एक दौर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि हर दौर के लिए मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उन्होंने इकबाल के साहित्य को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके विचारों पर गंभीर शोध की आवश्यकता पर जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर सालेहा रशीद ने इकबाल के कलाम में मौजूद मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक चेतना पर अपने विचार रखे। प्रोफेसर वकार अहमद ने साहित्य, शिक्षा और समाज के आपसी संबंधों को रेखांकित किया। वहीं वरिष्ठ पत्रकार मजहर आलम मजहरी ने साहित्यिक विचारों को समाज तक पहुंचाने में पत्रकारिता की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में कालिदी खुतबा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के डॉक्टर रेहान अख्तर कासमी ने पेश किया। उन्होंने अल्लामा इकबाल की शायरी, उनके दर्शन और उनकी मानवीय सोच के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इकबाल का पैगाम इंसान को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में बेहतर मूल्यों को स्थापित करने की प्रेरणा देता है।
पहले सत्र में मकाला निगरानी की जिम्मेदारी डॉक्टर अब्दुल लई, गया ने निभाई। कार्यक्रम के इस सत्र में शोध और अकादमिक विमर्श के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा गया। अंत में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के डॉक्टर जफर उल्ला अंसारी ने इजहार-ए-तशक्कुर पेश किया।
दूसरा सत्र तकनीकी इजलास के नाम रहा
कार्यक्रम का दूसरा सत्र तकनीकी इजलास के रूप में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता प्रोफेसर जाहिद उल हक ने की, जबकि संचालन इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अरबी एवं फारसी विभाग की डॉक्टर नीलूफर ने किया। इस सत्र में मकाला निगरानी की जिम्मेदारी उर्दू विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर संजय कुमार, डॉक्टर काशिफ,महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ वाराणसी के डॉक्टर हसीन जीलानी तथा फतेहपुर के डॉक्टर शाहिद खान ने निभाई। तकनीकी सत्र के समापन पर अदब सिलसिला के मुदीर सलीम अलीग ने इजहार-ए-तशक्कुर पेश किया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत शोधपत्रों और वक्ताओं के विचारों के माध्यम से अल्लामा इकबाल के साहित्य की समकालीन उपयोगिता तथा उनकी मानवीय दृष्टि को समझने का अवसर मिला। इस मौके पर अतीक इब्राहीम, डॉक्टर बेलाल , डॉक्टर इरफान,शाह शहूद ,तहसीन फातमा , ज़रा सलीम आदि मौजूद रहीं !

