80 साल के एक बुजुर्ग ने अपनी मौत के बाद होने वाली तेरहवीं का इंतजार करने के बजाए जीते जी ही इसका आयोजन करने का फैसला किया

जौहड़ी निवासी बलजोर पुत्र कनक सिंह के पास दो बीघा कृषि भूमि और अपना मकान है। परिवार में बेटा नहीं, बल्कि एक बेटी पिंकी है, जिसकी शादी सुखपाल निवासी सरूरपुर कलां गांव से हुई है। बेटी के परिवार में तीन नातिन और एक नाती मुकुल हैं। बलजोर का कहना है कि जीवन में उन्होंने समाज के लोगों के साथ सुख-दुख साझा किया है। अनेक लोगों के यहां आमंत्रण पर भोज में शामिल हुए हैं। समाज में उनकी अच्छी जान पहचान रही है।
बलजोर का स्पष्ट कहना है कि परंपराओं के अनुसार वे अपनी बेटी से कोई रुपया नहीं लेना चाहते और न ही मौत के बाद बेटी पर तेरहवीं के आयोजन का आर्थिक बोझ डालना चाहते हैं, इसलिए उन्होंने फैसला किया है कि वह अपने जीवनकाल में ही समाज के लोगों को भोज कराकर इस जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएं। मौत के बाद तेरहवीं में जो रस्म होती हैं, वे सभी उनके सामने ही पूरी की जाएंगी।
तेरहवीं का दिन रविवार का रखा गया है। सुबह घर पर हवन होगा, जिसमें रिश्तेदार और गांव क्षेत्र के लोग भाग लेंगे। इसके बाद दोपहर में लगभग 900 लोगों के लिए भोज रखा गया है। दोपहर के समय उन्हें पगड़ी बांधी जाएगी। इसके बाद वह अपनी पगड़ी नाती मुकुल को सौंपेंगे। फूलमाला तस्वीर पर नहीं, बल्कि उनके गले में ही डाली जाएंगी। बलजोर का यह आयोजन पारंपरिक मृत्युभोज की प्रथा से अलग एक अनोखी पहल के रूप में देखा जा रहा है। पड़ोसी ओमपाल शर्मा का कहना है कि बलजोर के फैसले से वह पूरी तरह सहमत हैं।

