प्रदर्शनी करती महाराजश्री के जीवन का उल्लेख, बागेश्वर महाराज, मंत्री विश्वास सारंग ने किया उद्घाटन
मंदिर के असली स्वरूप का दर्शन, गुरूदेव के संकल्प हो रहे परिलक्षित
छतरपुर। बागेश्वर धाम में पेप्टेक गु्रप की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाराजश्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से हिन्दू राष्ट्र, गरीब कन्याओं के विवाह, हिन्दू जोडऩे की यात्रा, भेदभाव मिटाने, लवजिहाद की घटनाओं को रोकने, अन्नपूर्णा रसोई के अनवरत् चलने के बिन्दु शामिल हैं। प्रदर्शनी के सबसे आगे वाले क्षेत्र में जो मंदिर का चित्र दिखाया गया है वह बालाजी का असली मंदिर का स्वरूप है। लाईटिंग लोगों को आकर्षित कर रही है। बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बीती रात इस प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उनके साथ प्रदेश के सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, राजनगर विधायक अरविंद पटैरिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
मेला क्षेत्र में सबको आकर्षित करने वाली प्रदर्शनी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में महाराजश्री के संकल्पों को उल्लेखित किया गया है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की परिकल्पना लेकर काम कर रहे हैं। वहीं गरीब कन्याओं का विवाह कराने का जो बीड़ा उठाया है उसका भी उल्लेख प्रदर्शनी में मिलता है। हिन्दू जोड़ो पदयात्रा पिछड़ों, बिछड़ों को गले लगाने और भेदभाव मिटाने के सजीव चित्र लोगों का मन मोह रहे हैं। देश भर के कोने-कोने से आए श्रद्धालु प्रदर्शनी के माध्यम से महाराजश्री के संकल्पों से जुड़ रहे हैं। यह प्रदर्शनी पेप्टेक गु्रप के डायरेक्टर नीरज चौरसिया एवं विनय चौरसिया के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। इस प्रदर्शनी में जाने-माने चित्रकार राजेश खरे संजू का विशेष योगदान है।
देर रात तक कवियों ने दी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां
बागेश्वर धाम में रविवार को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कवि सम्मेलन में देश भर के कवि शामिल हुए। श्रीप्रकाश पटैरिया के संयोजन में शुरू हुआ कवि सम्मेलन देर रात तक चलता रहा। ओज, श्रृंगार, हास्य और वीर रस के कवियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। बातों-बातों में गंभीर बिन्दुओं पर लोगों का ध्यान खींचा गया।