थरवई,प्रयागराज भीमकुंड मंदिर के पुजारी की सिर कूंचकर हत्या, पांच बीघा जमीन का विवाद आया सामने

। गंगापार के थरवई थाना क्षेत्र अंतर्गत मनसैता नदी के किनारे स्थित भीमकुंड मंदिर के पुजारी श्री 108 बाबा दयाल दास (55) की सोमवार रात निर्मम हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने किसी भारी वस्तु या लोहे की रॉड से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में उनका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में मंदिर से जुड़ी करीब पांच बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग जमीन पर कब्जा करना चाहते थे, जिसका पुजारी विरोध कर रहे थे।
*15 साल से मंदिर में रहकर संभाल रहे थे जिम्मेदारी*
जानकारी के मुताबिक, बाबा दयाल दास पिछले करीब 15 वर्षों से भीमकुंड मंदिर में रह रहे थे। वह मंदिर के मुख्य संरक्षक होने के साथ ही पुजारी की जिम्मेदारी भी निभाते थे। नियमित पूजा-पाठ करने के अलावा मंदिर की देखरेख और व्यवस्थाओं का संचालन भी उन्हीं के जिम्मे था। सोमवार रात अज्ञात हमलावरों ने मंदिर परिसर में उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई।
*खून से लथपथ शव मिलने से मचा हड़कंप*
मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में पुजारी का शव पड़ा मिलने की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। शव के पास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। घटना की सूचना तत्काल थरवई पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
*पांच बीघा जमीन के विवाद को लेकर हत्या की आशंका*
प्रारंभिक जानकारी में मंदिर की करीब पांच बीघा जमीन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि कुछ लोग इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे और बाबा दयाल दास इसका विरोध कर रहे थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि जमीन विवाद के चलते ही उनकी हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, अभी तक हत्या की असल वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अमृत प्रभात हिंदी दैनिक
*फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य*
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। इंस्पेक्टर थरवई पंकज सिंह, एसीपी थरवई समेत भारी पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद रहा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। वहीं, डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के इलाके में भी छानबीन की गई। पुलिस आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। अमृत प्रभात हिंदी दैनिक
*गांव में आक्रोश,हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग*
मंदिर के पुजारी की इस तरह हत्या किए जाने से ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश है। घटना की जानकारी फैलते ही मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द हत्यारों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

