September 30, 2026

सिविल लाइन्स में यातायात, पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय। एमजी रोड एवं सरदार पटेल मार्ग के पुनर्विन्यास, फुटपाथ की रेलिंग एवं सड़क विभाजन हटाकर पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान विकसित करने के निर्देश

0

*सिविल लाइन्स में यातायात, पार्किंग एवं सौंदर्यीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय। एमजी रोड एवं सरदार पटेल मार्ग के पुनर्विन्यास, फुटपाथ की रेलिंग एवं सड़क विभाजन हटाकर पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान विकसित करने के निर्देश*

*शुल्क आधारित पार्किंग एवं वेंडिंग-फ्री जोन: दोनों मार्गों पर शुल्क आधारित पार्किंग तथा हनुमान मंदिर से पत्थर गिरजाघर तक वेंडिंग-फ्री जोन विकसित करने पर सहमति*

*अतिक्रमण एवं यातायात अवरोध पर समयबद्ध कार्रवाई: ई-रिक्शा समस्या के लिए संयुक्त कार्ययोजना तथा प्रीतम नगर में तीन दिवस में अवरोध एवं अतिक्रमण हटाने के निर्देश*

मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता एवं उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण श्री ऋषिराज, नगर आयुक्त श्री साई तेजा, डीसीपी श्री मनीष शाण्डिल्य सहित संबंधित अधिकारियों तथा विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सिविल लाइन्स क्षेत्र में एमजी रोड एवं सरदार पटेल मार्ग को सुव्यवस्थित एवं सुंदर बनाने, यातायात को सुगम करने तथा अतिक्रमण की समस्या के समाधान के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने दोनों मार्गों पर यातायात जाम एवं अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिनकी मंडलायुक्त ने बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

एमजी रोड पर हनुमान मंदिर चौराहे से पत्थर गिरजाघर तक सड़क एवं सर्विस लेन के बीच का विभाजन हटाकर उचित ढलान तैयार करने तथा सड़क किनारे पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। थॉर्नहिल रोड की तर्ज पर ऐसी पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिसमें वाहन सुगमता से प्रवेश कर सड़क किनारे व्यवस्थित रूप से पार्क किए जा सकें। इससे सड़क की उपयोगी चौड़ाई बढ़ने के साथ ही यातायात व्यवस्था भी अधिक सुगम होगी।

इसी प्रकार सरदार पटेल मार्ग पर खरबंदा मोटर्स के सामने से विवेकानंद चौराहे तक दोनों ओर बनी फुटपाथ की रेलिंग हटाकर उसके ढलान को सड़क के अनुरूप व्यवस्थित करने तथा पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थान विकसित करने के निर्देश दिए गए। दोनों मार्गों का आवश्यकतानुसार पुनर्विन्यास किया जाएगा तथा सड़क के विस्तार एवं यातायात में बाधक अनावश्यक अवरोधों एवं संरचनाओं को हटाया जाएगा। यदि कोई शौचालय अथवा अन्य निर्माण मार्ग के पुनर्विन्यास में बाधक पाया जाता है तो उसे नियमानुसार अन्यत्र स्थानांतरित किया जाएगा। दोनों मार्गों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप में विकसित किया जाएगा।

दोनों मार्गों पर शुल्क आधारित पार्किंग व्यवस्था लागू करने तथा एमजी रोड पर हनुमान मंदिर से पत्थर गिरजाघर तक वेंडिंग-फ्री जोन विकसित करने पर सहमति बनी। अनधिकृत रूप से सामग्री अथवा खाद्य पदार्थ बेचने वाले विक्रेताओं एवं ठेला संचालकों को निर्धारित वैकल्पिक स्थानों पर स्थानांतरित किया जाएगा। पार्किंग लेन में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। सड़क किनारे वाहन मरम्मत करने, अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करवाने अथवा यातायात में अवरोध उत्पन्न करने वाली गतिविधियों को भी हटाया जाएगा।

सिविल लाइन्स स्थित बहुमंजिला पार्किंग को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। इसके अंतर्गत स्थायी पार्किंग की सुविधा को ऊपरी तल पर व्यवस्थित करते हुए निचले तल पर दैनिक आवागमन वाले वाहनों के लिए पार्किंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

दोनों मार्गों पर ई-रिक्शा की समस्या के निराकरण के संबंध में प्राप्त सुझावों के दृष्टिगत मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त एवं उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण को वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सहित संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसमें ई-रिक्शा, ई ऑटो एवं अन्य वैकल्पिक यातायात साधनों की व्यवस्था की संभावनाओं पर भी विचार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रीतम नगर व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने 60 फुट मार्ग की ओर जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण एवं अन्य अवरोधों की समस्या भी उठाई। मंडलायुक्त ने डीसीपी को तीन दिवस के भीतर सभी अनावश्यक अवरोध हटाने के निर्देश दिए। नगर निगम एवं विकास प्राधिकरण की टीम के साथ समन्वय स्थापित कर मलबा एवं अन्य सामग्री हटाने, सड़क की साफ-सफाई कराने तथा अनधिकृत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नागरिकों का आवागमन सुगम एवं सुरक्षित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे