फाफामऊ में रामलीला और भारत मिलाप कमेटी का गठन, धीरेंद्र केसरवानी व गौरव सिंह चुने गए अध्यक्ष

फाफामऊ। वैशाली गेस्ट हाउस में शुक्रवार को श्री रामलीला कमेटी एवं भारत मिलाप कमेटी के गठन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में फाफामऊ क्षेत्र के सैकड़ों व्यापारी, पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। सर्वसम्मति से धीरेंद्र केसरवानी उर्फ धीरू को श्री रामलीला कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। वहीं भारत मिलाप कमेटी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव सिंह को सौंपी गई।
धीरेंद्र केसरवानी के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा होते ही मौजूद व्यापारियों एवं पदाधिकारियों में उत्साह देखने को मिला। लोगों ने उन्हें माला पहनाकर एवं तालियों की गड़गड़ाहट के साथ बधाई दी। इसी तरह गौरव सिंह का भी फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि रामलीला और भारत मिलाप फाफामऊ की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। दोनों आयोजनों को इस वर्ष और अधिक भव्य, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी लोगों की सहभागिता जरूरी है। पदाधिकारियों ने कमेटियों को मजबूत करने के साथ ही कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण एवं सफल ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर हाईकमान श्री संत बॉक्स सिंह, संरक्षक महेंद्र केसरवानी, कमल कुमार केसरी, अशोक सिंह, गनेंद्र सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, प्रेम बहादुर सिंह एडवोकेट, सौरभ प्रताप सिंह उर्फ अंकित, प्रदेश उपाध्यक्ष युवराज मौर्य के सुपुत्र, श्याम बाबू केसरवानी, पार्षद पति श्याम जी गुप्ता, प्रवक्ता मुकेश गुप्ता, कमलेश जायसवाल, सुनील केसरवानी, विधायक प्रतिनिधि सुधीर पांडे, सोनू जायसवाल, गोलू सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान रामलीला कमेटी अध्यक्ष धीरेंद्र केसरवानी उर्फ धीरू, भारत मिलाप कमेटी अध्यक्ष गौरव सिंह एवं डायरेक्टर रंजीत बहादुर सिंह का भी माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्षों ने सभी पदाधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार जताते हुए कहा कि रामलीला और भारत मिलाप जैसे धार्मिक आयोजनों को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग से पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाएगा। बैठक का समापन आगामी कार्यक्रमों को भव्य रूप देने और आपसी सहयोग से तैयारियां शुरू करने के संकल्प के साथ हुआ।

