निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़, प्रधान ने दबंगों पर लगाया सीमेंट-सरिया ले जाने का आरोप

करछना। घोरहट गांव में ग्राम प्रधान कृष्णाकली के निर्माणाधीन मकान में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। प्रधान ने कुछ लोगों पर निर्माण स्थल पर पहुंचकर पिलर तोड़ने, सीमेंट और सरिया उठा ले जाने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना को लेकर पीड़िता ने पुलिस और राजस्व विभाग में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि ग्राम प्रधान कृष्णाकली का मायका पड़ोसी गांव रैपुरा में है। उन्होंने वहां जमीन का बैनामा कराने के बाद मकान का निर्माण शुरू कराया था। आरोप है कि शनिवार रात कुछ लोग निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां बनाए गए पिलर को तोड़ दिया। विरोध करने पर आरोपितों ने प्रधान और उनके परिजनों को धमकाया। प्रधान का आरोप है कि मौके से करीब पांच बोरी सीमेंट और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला सरिया भी उठा ले जाया गया।
घटना के दौरान मौके पर वीडियो बनाए जाने की भी बात कही जा रही है। पीड़िता का कहना है कि निर्माण कार्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उन्हें लगातार दबाव में रखने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
प्रधान ने आरोप लगाया कि शिकायत किए जाने के बावजूद दबाव के चलते अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में राजस्व विभाग की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

