प्रयागराज मे MNNIT के प्रोफेसर पर BTech छात्रा से दुष्कर्म का आरोप,फेल कराने और करियर बर्बाद करने की दी धमकी

प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) के कंप्यूटर साइंस विभाग के एक प्रोफेसर पर BTech तृतीय वर्ष की छात्रा ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। उड़ीसा की रहने वाली छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर ने पढ़ाई के बहाने उसे अपने आवास पर बुलाया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे फेल कराने, डिग्री रोकने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी।
छात्रा की तहरीर पर शिवकुटी पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ ही मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
*दो साल से छात्रा को पढ़ा रहा था प्रोफेसर*
पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा ने बताया कि वह MNNIT में BTech तृतीय वर्ष में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। उसके मुताबिक, द्वितीय वर्ष में प्रोफेसर सौगातो राय उसे माइक्रोप्रोसेसर विषय पढ़ाता था।
छात्रा का कहना है कि छुट्टियों के दौरान उसके परिजन प्रयागराज आए थे और संस्थान के गेस्ट हाउस में ठहरे थे। इसी दौरान प्रोफेसर की मुलाकात उसके परिवार से हुई। छात्रा के मुताबिक, उसकी मां ने प्रोफेसर से पढ़ाई में मदद करने की बात कही थी। आरोप है कि प्रोफेसर ने संस्थान के केबिन में पढ़ाने से यह कहते हुए इनकार किया कि वहां पढ़ाने पर लोग गलत आरोप लगा सकते हैं और उसने अपने आवास पर पढ़ाने की बात कही।
इसके बाद छात्रा प्रोफेसर के पास पढ़ने जाने लगी। छात्रा का आरोप है कि 6 अगस्त को उसके परिजनों के चले जाने के बाद प्रोफेसर ने स्नैपचैट के जरिए उससे बातचीत शुरू की और अश्लील बातें करने लगा। आरोप है कि उसने छात्रा से कहा कि वह उसे गले लगाना चाहता है।
*लाइब्रेरी जाते समय रास्ते में रोका*
छात्रा ने तहरीर में आरोप लगाया कि 9 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे वह हॉस्टल से लाइब्रेरी जा रही थी। इसी दौरान प्रोफेसर ने उसे रास्ते में रोक लिया। पहले उसने अपने केबिन में आने को कहा और बाद में अपने आवास पर बुलाकर वहीं पढ़ाने की बात कही।
छात्रा के अनुसार, वह प्रोफेसर के आवास पर पहुंची तो उसने उसे बेड पर बैठने के लिए कहा। आरोप है कि कुछ देर बाद प्रोफेसर ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। छात्रा ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह उसकी छात्रा है और प्रोफेसर का ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।
तहरीर के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने छात्रा को पकड़ लिया और जबरन चूमने लगा। छात्रा ने वहां से जाने की कोशिश की तो उसे धक्का देकर बेड पर गिरा दिया गया। छात्रा का आरोप है कि जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे फेल कराने, BTech की डिग्री रोकने और उसका करियर बर्बाद करने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
*पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच*
घटना के बाद छात्रा अपने घर पहुंची और सोमवार को शिवकुटी थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, छात्रा की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को हिरासत में लिया गया है। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच में छात्रा के बयान, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

