November 20, 2026

नेपाल से शादी कर सिद्धार्थनगर आईं 20 हजार महिलाओं के लिए राहत की खबर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का रास्ता हुआ आसान

0

नेपाल से शादी कर सिद्धार्थनगर आईं 20 हजार महिलाओं के लिए राहत की खबर, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का रास्ता हुआ आसान


सिद्धार्थनगर जिले में नेपाल से शादी कर भारत आईं हजारों महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से बाहर हुईं 20 हजार से अधिक महिलाओं के लिए अब दोबारा वोटर बनने का रास्ता आसान हो गया है।
दरअसल, निर्वाचन आयोग की ओर से आधार कार्ड को मान्य दस्तावेजों में शामिल किए जाने के बाद इन महिलाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर मिलेगा।
नेपाल सीमा से सटे बढ़नी, शोहरतगढ़, बर्डपुर, लोटन और कपिलवस्तु क्षेत्र के सीमावर्ती गांवों में बड़ी संख्या में नेपाली मूल की महिलाएं विवाह के बाद वर्षों से रह रही हैं। इनमें से कई महिलाएं विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पहले मतदान भी कर चुकी थीं।
लेकिन एसआईआर के दौरान वर्ष 2003 की मतदाता सूची में माता-पिता का विवरण नहीं मिलने और जन्म एवं निवास से जुड़े निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने के कारण इनके नाम मतदाता सूची से कट गए थे।
कपिलवस्तु विधानसभा के अहिरौली गांव में ही आठ से अधिक महिलाएं इस समस्या से प्रभावित हुई थीं। गांव की पूनम, कुसुम, अनीता और किरन का कहना है कि वे लंबे समय से भारत में रह रही हैं और पहले कई चुनावों में मतदान भी कर चुकी हैं, लेकिन एसआईआर के दौरान उनके नाम कट गए।
अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत पात्र महिलाएं फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकती हैं। इसके साथ निर्धारित जन्मतिथि और निवास संबंधी दस्तावेज देने होंगे।
हालांकि, एक महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल आधार कार्ड, शादी या लंबे समय से भारत में निवास करना भारतीय नागरिकता का प्रमाण नहीं है। मतदाता बनने के लिए भारतीय नागरिकता और निर्वाचन कानून के तहत निर्धारित अन्य पात्रताओं को पूरा करना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में एडीएम संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आधार कार्ड को मान्य दस्तावेजों में शामिल किया गया है। पात्र नागरिक निर्धारित अभिलेखों के साथ फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अब देखना होगा कि इस अभियान के तहत नेपाल से विवाह कर आईं कितनी पात्र महिलाओं के नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल हो पाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे