इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई की गुप्त रिकॉर्डिंग करते युवक धरा गया, वादियों के मोबाइल ले जाने पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

प्रयागराज: इलाहाबाद हाईकोर्ट में अदालत की कार्यवाही के दौरान चोरी-छिपे मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। कोर्ट रूम में सुनवाई का वीडियो बनाते हुए वाराणसी निवासी राज कुलश्रेष्ठ को रंगे हाथों पकड़ा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायमूर्ति विक्रम डी. चौहान की पीठ ने युवक को तत्काल हिरासत में लेने और अगले दिन सुबह 10 बजे मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) प्रयागराज के समक्ष पेश करने का आदेश दिया है।
मोबाइल होगा सील, अवमानना की कार्रवाई की तैयारी:
अदालत ने आरोपी युवक का मोबाइल फोन तत्काल सील करने का निर्देश दिया है, ताकि वीडियो के दुरुपयोग या प्रसार की जांच की जा सके। इसके साथ ही कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि युवक से इस बात पर जवाब तलब किया जाएगा कि उसके इस कृत्य को ‘न्याय-प्रशासन में हस्तक्षेप’ (Interference in the administration of justice) और न्यायालय की अवमानना क्यों न माना जाए।
बिना पास प्रवेश पर याचिकाकर्ता और वकीलों पर भी सख्ती:
सुनवाई के दौरान यह बात भी सामने आई कि मामले से जुड़े याचिकाकर्ता कुलदीप बत्रा बिना वैध प्रवेश पास के ही हाईकोर्ट परिसर और कोर्टरूम में दाखिल हुए थे। इस सुरक्षा चूक पर कड़ा रुख अपनाते हुए अदालत ने याचिकाकर्ता से व्यक्तिगत हलफनामा मांगा है। वहीं, पैरवी कर रहे दोनों अधिवक्ताओं—नितीश सोनी और भानु प्रताप सेठ को भी कारण बताओ नोटिस जारी कर कोर्ट में तलब किया गया है।
कोर्टरूम में मोबाइल पर रोक, बार एसोसिएशन की भी चेतावनी:
इस घटना के बाद हाईकोर्ट प्रशासन और बार एसोसिएशन ने अनुशासन बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। नए निर्देशों के तहत अब कोर्टरूम के भीतर वादियों (Litigants) के मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। दूसरी ओर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने भी परिसर या कोर्टरूम के अंदर रील अथवा वीडियो बनाने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि नियम तोड़ने पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाएगा और संबंधित सदस्य की सदस्यता भी समाप्त की जा सकती है।

