विद्युत विभाग की लापरवाही शान्तिपुरम में काटे गए हरे पेड़ की डाले नाले में फेंकी नाला जाम होने का खतरा

प्रयागराज। नगर निगम प्रयागराज क्षेत्र के फाफामऊ स्थित शांतिपुरम में विद्युत विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शांतिपुरम फाफामऊ स्थित होम्योपैथिक कॉलेज के सामने बने नगर निगम के मुख्य बड़े नाले में विद्युत विभाग की टीम द्वारा 18 सितंबर को दोपहर लगभग 2 बजे हरे पेड़ों की बड़ी-बड़ी टहनियां और डालियां काटकर सीधे नाले में बहा दी गईं।
इस घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों में भारी रोष है। टीवीसी (TVC) सदस्य रवि शंकर द्विवेदी और प्रयागराज आजाद स्ट्रीट वेंडर यूनियन के प्रतिनिधियों ने इस मामले में महापौर एवं नगर आयुक्त से शिकायत दर्ज कराई है।
व्यापारी नेता अजय सोनी और स्थानीय निवासियों ने शिकायती पत्र सौंपते हुए बताया कि नाले में भारी मात्रा में पेड़ों की डालियां फेंक दिए जाने से जलभराव और नाला पूरी तरह जाम होने की स्थिति बन गई है। यदि इसे जल्द से जल्द साफ नहीं कराया गया, तो आसपास के रिहायशी इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाएगी।
लापरवाही बरतने वाले विद्युत विभाग के दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस शिकायत पत्र के साथ घटना की वीडियो व फोटो भी नगर निगम अधिकारियों को साक्ष्य के तौर पर संलग्न कर सौंपी गई है।

