September 19, 2026

फूलपुर तहसील में समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, जमीन और रास्ते से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादी

0

फूलपुर तहसील में समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, जमीन और रास्ते से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे फरियादी

फूलपुर, प्रयागराज। फूलपुर तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुबह से ही तहसील परिसर में लोगों की भीड़ देखने को मिली। कई फरियादी जमीन और रास्ते से जुड़े विवादों की शिकायत लेकर समाधान दिवस में पहुंचे और अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं।

समाधान दिवस में एसीपी डॉ. अरुण पाराशर राजस्व विभाग की टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मामलों की जानकारी लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई शिकायतों का समाधान भी किया गया, जबकि अन्य फरियादियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया।

जमीन पर कब्जे से संबंधित शिकायतों को लेकर एसीपी डॉ. अरुण पाराशर ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान तहसील के राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से तहसील परिसर में काफी देर तक चहल-पहल बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *