सांसद फूलपुर ने विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शिकायतों के त्वरित निस्तारण के संबध में की बैठक

जनप्रतिनिधिगणों के द्वारा दिए गए सुझावों का पालन करते हुए समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करायें- सांसद
विद्युत विभाग के अधिकारी पूरी तत्परता से करें कार्य, आमजन को न हो परेशानी- सांसद
अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त किए जाने के दिए निर्देश
जल जीवन मिशन से सम्बंधित कार्यों को दिसम्बर-2026 तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से करायें पूर्ण- सांसद
क्रय केन्द्रों पर खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाये रखने के दिए निर्देश
*प्रयागराज 15 सितम्बर 2026 सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल की अध्यक्षता एवं विधायकगण तथा जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की उपस्थिति में मंगलवार को संगम सभागार में ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा लोक निर्माण विभाग, जल निगम, परिवहन विभाग, कॉपरेटिव सहित अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण के संबध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायकगणों व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के द्वारा उनके क्षेत्र से सम्बंधित समस्यायें से अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसपर सांसद जी ने जिलाधिकारी को जनप्रतिनिधिगणों के द्वारा उठायी गयी समस्याओं का शीर्ष प्राथमिकता पर निस्तारण सुनिश्चित कराये जाने लिए कहा है।
बैठक में माननीय सांसद ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुचारु एवं निर्धारित समय के अनुसार विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की नियमित निगरानी करते हुए उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक घर, किसान, व्यापारी एवं औद्योगिक इकाई को सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति हो। इसके लिए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों एवं उपकेंद्रों की नियमित जांच तथा आवश्यकतानुसार अनुरक्षण कार्य समय से कराया जाए। जहां कहीं विद्युत उपकरणों पर अधिक भार है अथवा लाइन संबंधी समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। सांसद ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को विधानसभावार क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगणों के साथ बैठक कर समस्याओं के निस्तारण के सम्बंध में सुझाव प्राप्त करने के लिए कहा है।
सांसद ने विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत प्राप्त होने के बाद उसके समाधान में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता के शिकायत की मॉनीटरिंग की जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि शिकायत का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय से हो। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बेवज़ह परेशान न किया जाए, जांच अभियान के दौरान उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो और नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए।
सांसद ने ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता एवं खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को निर्धारित समयसीमा में बदला जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मरों की क्षमता का नियमित आंकलन किया जाए तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में क्षमता वृद्धि के प्रस्ताव समय से तैयार कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
सांसद ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बारिस के दौरान जो भी सड़के क्षतिग्रस्त हुई है, उसका निरीक्षण कर ठीक करा लिया जाये। कहा कि जिन सड़कों पर गड्ढ़े हो गये है, उन्हें अभियान चलाकर गड्ढ़ा मुक्त किया जाये। उन्होंने जल निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन से जुड़े कार्यों को दिसम्बर-2026 तक गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करा लिया जाये। कार्यों के दौरान खोदी गयी सड़कों को पहले की तरह गुणवत्तापूर्ण ढंग से बनाये जाने के निर्देश दिए है। सांसद ने कहा कि जिन क्षेत्रों में जल जीवन मिशन से सम्बंधित कार्य को पूर्ण कराये जाने में बाधा आ रही हो, तो उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगणों से समन्वय बनाकर कार्य को पूर्ण कराया जाये। सांसद ने कॉपरेटिव विभाग की समीक्षा करते हुए सभी क्रय केन्द्रों पर खाद की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता बनाये रखने के लिए कहा है, ताकि किसानों को आगामी फसल की बोआई के समय कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसी भी क्रय केन्द्र से ओवर रेटिंग की शिकायत नहीं आनी चाहिए। सांसद ने मुख्य राजस्व अधिकारी को अंश निर्धारण से सम्बंधित आवेदन पत्रों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित कराये जाने के लिए कहा है, जिससे की किसी भी प्रकार की विवाद की स्थिति न हो।
जिलाधिकारी ने सांसद व अन्य जनप्रतिनिधिगणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बैठक में आपके द्वारा दिए गए सुझावों व निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराया जायेगा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि पूर्व में जो बहुत तेज आंधी आयी थी, उसमें नुकसान हुए विद्युत पोलों व तारों व अन्य विद्युत उपकरणों के हुए नुकसान का आंकलन कर उसका इस्टीमेंट तैयार करने तथा शासन को प्रस्ताव भेजे जाने के लिए कहा है।
इस अवसर पर विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरू प्रसाद मौर्य, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक बारा डॉ0 वाचस्पति, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधान परिषद सदस्य सुरेन्द्र चौधरी, भाजपा गंगापार अध्यक्ष श्रीमती निर्मला पासवान एवं यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला व अन्य जनप्रतिनिधिगणों के साथ मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

