September 15, 2026

योगी सरकार का उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम, अलीगढ़ में सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त

0

 

योगी सरकार का उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम, अलीगढ़ में सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त

निजी क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय

लखनऊ, 15 सितम्बर, 2026। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को लोकभवन, लखनऊ में सम्पन्न मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। इसके तहत उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 के अन्तर्गत अलीगढ़ में सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए उसकी प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र निर्गत किए जाने का निर्णय लिया गया है।

मंत्रिपरिषद के निर्णय की जानकारी देते हुए प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि योगी सरकार प्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण संस्थानों के विस्तार, आधुनिक एवं रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं को उनके ही प्रदेश में उच्च स्तरीय शैक्षिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में निजी क्षेत्र में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में नए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना, विद्यमान निजी विश्वविद्यालयों को निगमित करने तथा उनके कार्यों को विनियमित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 प्रवर्तित किया गया है। अधिनियम की धारा-4 में नए विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने, धारा-5 में प्रस्ताव के मूल्यांकन तथा धारा-6 में आशय-पत्र निर्गत किए जाने का प्रावधान है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय अधिनियम, 2019 की धारा-58 द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए निजी विश्वविद्यालयों की स्थापना की प्रक्रिया को विनियमित करने के लिए उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (स्थापना) नियमावली, 2021 प्रख्यापित की गई है। उन्होंने बताया कि उच्च स्तरीय समिति की बैठक में नगरीय क्षेत्र के ग्राम सारसौल, तहसील कोल, जनपद अलीगढ़ में 9.530 हेक्टेयर (23.550571 एकड़) भूमि पर सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय, अलीगढ़ की स्थापना किए जाने के लिए उसकी प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र निर्गत किए जाने की संस्तुति की गई थी। उच्च स्तरीय समिति की संस्तुति के आधार पर मंत्रिपरिषद ने सांई ग्लोबल विश्वविद्यालय, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश की स्थापना के लिए उसकी प्रायोजक संस्था को आशय-पत्र निर्गत किए जाने के प्रस्ताव को अनुमोदित किया है।

योगी सरकार के इस निर्णय से अलीगढ़ एवं आसपास के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए अवसरों का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर संस्थागत विकल्प उपलब्ध होंगे। प्रदेश सरकार का उद्देश्य निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र के उच्च शिक्षण संस्थानों के माध्यम से उत्तर प्रदेश को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक, कौशल आधारित एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे