यमुना ब्रिज से युवती ने लगाई छलांग, गोताखोरों ने बचाया

*पुल पर मोबाइल, पर्स और चप्पल छोड़कर नदी में कूदी युवती, परिजनों के पहुंचने पर भावुक हुई*
प्रयागराज। यमुना ब्रिज के बीचो-बीच एक युवती ने अचानक यमुना नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक युवती आल्लापुर/कटरा इलाके की रहने वाली बताई जाती है। बताया जा रहा है कि युवती ने नदी में छलांग लगाने से पहले अपना मोबाइल फोन, पर्स और चप्पल पुल के ऊपर ही छोड़ दिए थे। कुछ ही देर में घटना की जानकारी स्थानीय नाविकों, जल पुलिस के जवानों (गोताखोर) को हुई। सूचना मिलते ही तत्काल नदी में पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद युवती को पानी से बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद पुलिस द्वारा घटना की सूचना उसके परिजनों को दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद युवती अपनों को देखकर वह भावुक हो गई और रोने लगी। कुछ देर बाद युवती का पति भी घटना स्थल पर पहुंच गया। इस दौरान पुलिस ने युवती से घटना के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह जानने में जुटी हुई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

