August 13, 2026

देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-बेहोशी के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती; बेड तक नहीं मिले, BJP के समर्थन में भीषण गर्मी में निकली थी रैली!

0

देवरिया में तिरंगा यात्रा के दौरान 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-बेहोशी के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती; बेड तक नहीं मिले, BJP के समर्थन में भीषण गर्मी में निकली थी रैली!


यूपी के देवरिया में गुरुवार दोपहर तिरंगा यात्रा में शामिल होने के बाद 80 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। आयोजन के बाद स्कूल पहुंचे ही कई छात्राएं बेहोश हो गईं, कई को उल्टियां होने लगीं।
सभी छात्राओं को आनन–फानन में देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के अस्पताल पहुंचने से इमरजेंसी में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पर्याप्त बेड नहीं होने पर कुछ छात्राओं को जमीन पर लिटाकर इलाज किया गया, जबकि एक-एक बेड पर दो-दो छात्राओं को भर्ती कर उपचार दिया गया।
करीब आधा दर्जन डॉक्टरों की टीम छात्राओं के इलाज और निगरानी में जुटी रही। बाद में 21 छात्राओं की हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से भेज दिया गया, जबकि करीब 59 छात्राएं अभी भी भर्ती बताई जा रही हैं। सभी कस्तूरबा बालिका विद्यालय की 6वीं से 12वीं कक्षा की छात्राएं हैं।
डॉक्टरों का कहना है सुबह से भूखे–प्यासे धूप में खड़े रहने के कारण छात्राएं सीवियर डिहाइड्रेशन का शिकार हुई हैं। फिलहाल छात्राओं की स्थिति खतरे से बाहर है।
तिरंगा यात्रा का आयोजन पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से किया गया था। सुबह 9 बजे से ही कस्तूरबा बालिका विद्यालय की करीब 80 छात्राओं को यात्रा के लिए बुला लिया गया था। इसके अलावा यात्रा में करीब 20 स्कूलों के लगभग 2,500 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इसमें देवरिया सदर विधायक डॉ. संगम मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद तिवारी, पूर्व विधायक डॉ. सत्य प्रकाश मणि त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य अजय मणि त्रिपाठी, एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह, एमएलसी रतनपाल सिंह और विधायक सुरेंद्र चौरसिया समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए।
यात्रा दोपहर करीब 12 बजे पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज से शुरू हुई। करीब डेढ़ किलोमीटर का पैदल सफर तय करते हुए दोपहर करीब एक बजे रवींद्र शाही स्पोट्स स्टेडियम पहुंची। डेढ़ किलोमीटर की यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। भीषण गर्मी के कारण रास्ते में ही कई छात्राओं को परेशानी महसूस होने लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे