August 1, 2026

कॉलेज निर्माण में रंगदारी मांगने का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार, 12 लाख नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवाने और झूठी शिकायतें कराने का लगाया आरोप

0

कॉलेज निर्माण में रंगदारी मांगने का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार, 12 लाख नहीं देने पर निर्माण कार्य रुकवाने और झूठी शिकायतें कराने का लगाया आरोप

प्रयागराज। देवरी बरगाही क्षेत्र में कॉलेज निर्माण करा रहे एक व्यक्ति ने गांव के प्रशासक और उनके सहयोगियों पर रंगदारी मांगने तथा निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग करते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।

शनिवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में चंद्रेश शुक्ला ने आरोप लगाया कि वह अपनी भूमि पर एक कॉलेज का निर्माण करा रहे हैं, जिसकी दो मंजिलों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उनका आरोप है कि गांव के प्रशासक संतोष सिंह एवं उनके भाई बबलू सिंह ने उनसे ₹12 लाख की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर निर्माण कार्य रुकवाने और विभिन्न विभागों में झूठी शिकायतें कर परेशान करने की धमकी दी गई।

चंद्रेश शुक्ला ने दावा किया कि उनकी भूमि का उपयोग पहले ही व्यवसायिक श्रेणी में परिवर्तित किया जा चुका है और प्रस्तावित कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को रोजगार एवं शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके बावजूद कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा क्षेत्र में निर्माण कार्य कराने वाले अन्य लोगों को भी इसी प्रकार परेशान किया जाता है। मामले की शिकायत पुलिस से भी किए जाने की बात कहते हुए उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की।

पीड़ित ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य सुचारु रूप से शुरू कराने तथा उन्हें सुरक्षा एवं न्याय दिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे