June 23, 2026

अतीक की बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए एसआईटी गठित

0

अतीक की बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए एसआईटी गठित

● टीम में डीसीपी नगर, एडीएम सिटी, अपर नगर आयुक्त, एआईजी स्टांप और पीडीए सचिव शामिल

प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद और उसके करीबियों की कथित तौर पर अर्जित बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया है। यह कार्रवाई एक अधिवक्ता की शिकायत पर की गई है। अधिवक्ता का आरोप है कि अतीक अहमद और उसके परिजनों ने अपने परिचित चकिया निवासी मदन लाल भारतीया के नाम धूमनगंज क्षेत्र में कई बेनामी संपत्तियां खरीदी थीं। अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. अजय पाल ने आदेश जारी कर मदन लाल भारतीया के नाम खरीदी गई संपत्तियों की जांच कर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

एसआईटी में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य, एडीएम सिटी सत्यम मिश्र, अपर नगर आयुक्त अरविंद राय, एआईजी स्टाम्प राकेश चंद्रा और पीडीए सचिव विनीत कुमार सिंह को शामिल किया गया है। टीम को संबंधित संपत्तियों के बारे में गोपनीय एवं प्रामाणिक जानकारी जुटाने, दस्तावेजों की जांच करने तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियां मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश के अनुसार एसआईटी को तीन दिन के भीतर जांच शुरू करनी होगी। साथ ही टीम को प्रत्येक सोमवार को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अपर पुलिस आयुक्त को देनी होगी।
प्रभाव
अतीक अहमद से जुड़े आर्थिक नेटवर्क और बेनामी संपत्तियों के खिलाफ चल रहे अभियान में यह कार्रवाई महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *