June 19, 2026

रिश्तेदारों पर धोखाधड़ी और संपत्ति हड़पने का आरोप

0

रिश्तेदारों पर धोखाधड़ी और संपत्ति हड़पने का आरोप

 

तरुण सहगल ने प्रेसवार्ता कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई

प्रयागराज। शहर के निवासी तरुण सहगल और उनके परिवार ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अपने चाचा के परिवार पर धोखाधड़ी, संपत्ति हड़पने, बैंक दस्तावेजों में कथित छेड़छाड़ और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगाए। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

प्रेसवार्ता में तरुण सहगल ने आरोप लगाया कि उनके चाचा स्वर्गीय पवन कुमार सहगल, उनके पुत्रों तथा अन्य परिजनों द्वारा परिवार के सदस्यों की जानकारी और सहमति के बिना बीमा पॉलिसियां जारी कराई गईं। उनका दावा है कि परिवार के किसी सदस्य ने ऐसी किसी योजना के लिए अनुमति नहीं दी थी।

तरुण सहगल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के संबंध में भ्रामक जानकारी देकर उन पर और उनके दिवंगत पिता पर दबाव बनाया गया तथा इसी दबाव में संपत्ति से संबंधित उपहार विलेख पर हस्ताक्षर कराए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में इन दस्तावेजों का लाभ उठाकर भूमि हस्तांतरित कर ली गई।

परिवार की ओर से यह भी आरोप लगाया गया कि दिवंगत परिजन की सावधि जमा राशि से जुड़े बैंक अभिलेखों में कथित बदलाव कर धनराशि का अनुचित लाभ उठाया गया। इसके अलावा संयुक्त स्वामित्व वाले एक फ्लैट पर अवैध कब्जे का भी आरोप लगाया गया है।

तरुण सहगल ने कहा कि बीमा संबंधी कथित अनियमितताओं पर बातचीत करने गए उनके भाई मनु सहगल के साथ मारपीट भी की गई। परिवार का कहना है कि मामले से संबंधित शिकायतें कई बार पुलिस को दी गईं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

प्रेसवार्ता में सुनीता सहगल, सोनाली सहगल और मनु सहगल भी मौजूद रहे। परिवार ने प्रशासन, पुलिस और संबंधित संस्थाओं से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराकर न्याय दिलाने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे