प्रयागराज के झूंसी मे एचआरआई परिसर में फिर दिखा तेंदुआ,निदेशक की कार के सामने कूदा,मची दहशत
प्रयागराज के झूंसी मे एचआरआई परिसर में फिर दिखा तेंदुआ,निदेशक की कार के सामने कूदा,मची दहशत

झूंसी,प्रयागराज।.छतनाग स्थित गंगातट के किनारे बने हरिश्चंद्र शोध संस्थान (एचआरआई) परिसर में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात संस्थान के निदेशक उज्जवल सेन की कार के सामने अचानक तेंदुआ आ गया, जिससे परिसर में खलबली मच गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार 14 मई की रात करीब साढ़े 11 बजे एचआरआई निदेशक उज्जवल सेन कार्यालय से अपने आवास की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक एक तेंदुआ उनकी कार के सामने कूद गया। अचानक सामने आए जंगली जानवर को देखकर वह सहम गए। उन्होंने मोबाइल से उसकी तस्वीर कैद करने की कोशिश भी की, लेकिन तेंदुआ कुछ ही सेकंड में परिसर के घने जंगल की ओर भाग निकला।
बताया जा रहा है कि अगले दिन संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड ने भी तेंदुए को देखने का दावा किया। घटना के बाद वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और शोधार्थियों में भय का माहौल है।
सूचना पर वन विभाग की टीम पिछले दो दिनों से एचआरआई परिसर और आसपास के इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। हालांकि अब तक तेंदुए के पैरों के निशान या कोई ठोस सबूत नहीं मिल सका है। वन क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत दुबे ने बताया कि एहतियात के तौर पर शोधार्थियों और वैज्ञानिकों को रात में कमरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि एचआरआई परिसर में पहली बार 12 अक्टूबर 2025 को तेंदुए को देखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वन विभाग ने परिसर में पांच नाइट विजन कैमरे और चार पिंजरे लगाए थे, लेकिन अब तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका है। शनिवार को वन विभाग की टीम ने घंटों सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।

