डॉ भीमराव आंबेडकर जी की 135वीं जयंती पर समारोह आयोजित

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंडल कार्यालय स्थित संकल्प कक्ष में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एम.एम. वारिस सहित सभी विभागों के शाखाधिकारी, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा बाबा साहेब की फोटो पर माल्यार्पण कर किया गया। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का जीवन संघर्ष, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताया और समाज में व्याप्त असमानता एवं भेदभाव के विरुद्ध निरंतर संघर्ष किया। उनका संदेश—“शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो”—आज भी प्रासंगिक एवं प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के दौरान रविंद्र कुमार (लोको पायलट), रमाशंकर (सेवानिवृत्त कार्यालय अधीक्षक), अविनाश चंद्र (मुख्य कार्यालय अधीक्षक) एवं लक्ष्मी प्रसाद (विधि अधिकारी) ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. आंबेडकर के जीवन, उनके सिद्धांतों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने उनके द्वारा स्थापित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। अंत में मंडल कार्मिक अधिकारी के.एल. जैयासवाल ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

