November 19, 2026

ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की, कहा- वे टफ इंसान:ईरान को धमकी- वह पागल देश, उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

0

ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की, कहा- वे टफ इंसान:ईरान को धमकी- वह पागल देश, उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की मंगलवार को फिलीपींस में मुलाकात हुई। दोनों लीडर राजधानी मनीला में हो रही क्वाड मीटिंग में शामिल हुए। ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की और कहा कि वे टफ इंसान हैं।
क्वाड बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए हैं।
ट्रम्प ने बैठक के दौरान ईरान पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता

रेयर अर्थ पर क्वाड देशों के बीच समझौता हुआ

क्वाड देशों के बीच रेयर अर्थ समेत जरूरी खनिजों की सप्लाई बनाए रखने के लिए समझौता हुआ है। इसके तहत चारों देश इन खनिजों को जमीन से निकालने, साफ करने और दोबारा इस्तेमाल करने में एक-दूसरे की मदद करेंगे।
इसके लिए नए प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाया जाएगा और तकनीक भी साझा की जाएगी। इस समझौते का मकसद चीन पर निर्भरता कम करना है, ताकि अगर चीन इन खनिजों की सप्लाई रोकता है तो दूसरे देशों के उद्योगों पर इसका असर न पड़े।
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका में रेयर अर्थ का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अगले 10 महीनों में इस मामले में चीन की बराबरी कर लेगा।

रेयर अर्थ में चीन कैसे आगे निकला?
चीन ने पिछले कई दशकों में रेयर अर्थ के खनन के साथ उनकी प्रोसेसिंग पर भी निवेश किया है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के मुताबिक, 2024 में दुनिया की कुल रेयर अर्थ प्रोसेसिंग में चीन की हिस्सेदारी करीब 91% थी।
चीन ने कम लागत पर बड़े पैमाने पर उत्पादन करने की क्षमता विकसित की है। यही वजह है कि दूसरे देशों में खनन होने के बाद भी कई बार इन खनिजों की प्रोसेसिंग के लिए चीन पर निर्भर रहना पड़ता है।
2025 में चीन ने कुछ रेयर अर्थ के निर्यात पर पाबंदियां कड़ी की थीं। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और रक्षा उपकरण बनाने वाली कंपनियों की सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई। इसी निर्भरता को कम करने के लिए क्वाड देश मिलकर काम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि 2027 में पहली क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम की बैठक मुंबई में होगी।
इस फोरम में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के कारोबारी, सरकारी अधिकारी और विशेषज्ञ शामिल होंगे। इसका मकसद चारों देशों के बीच व्यापार और कारोबार को बढ़ावा देना है।

पुतिन से मुलाकात पर ट्रम्प बोले- मौका मिला तो जरूर मिलूंगा

ट्रम्प की पुतिन के साथ होने वाली मुलाकात को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि ऐसी मुलाकात हो पाएगी या नहीं, लेकिन अगर मौका मिला तो वे जरूर मिलेंगे।
ट्रम्प ने बताया कि पुतिन चीन जा रहे हैं और वे भी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के मेहमान होंगे। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की मौजूदगी को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रम्प ने कहा कि किम भी वहां आना चाहेंगे, लेकिन देखते हैं कि आगे क्या होता है।

ट्रम्प ने क्वाड के 4 बड़े फैसलों का ऐलान किया
क्वाड बिजनेस लीडर्स फोरम: अगले साल चारों देशों के कारोबारियों का पहला साझा मंच बनाया जाएगा। इसका मकसद आपसी व्यापार और कारोबारी रिश्तों को बढ़ाना है।
सुपर इंटेलिजेंस एक्सेलरेटर: चारों देश मिलकर सुपर इंटेलिजेंस के क्षेत्र में काम करेंगे। इसके लिए नया क्वाड एक्सेलरेटर शुरू किया जाएगा।
मैरीटाइम इंटेलिजेंस शेयरिंग कॉरपोरेशन: समुद्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और खुफिया जानकारी साझा करने के लिए चारों देश मिलकर काम करेंगे। इसके तहत समुद्री निगरानी विमानों के साथ सैन्य अभ्यास भी किया जाएगा।
क्वाड साइबर सिक्योरिटी सहयोग: चारों देश साइबर हमलों और डिजिटल नेटवर्क से जुड़े खतरों की जानकारी एक-दूसरे के साथ साझा करेंगे। इससे जरूरी सरकारी और दूसरे महत्वपूर्ण डिजिटल सिस्टम को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी
ट्रम्प ने ईरान की ओर से अमेरिका पर हमले से जुड़े सवाल पर सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर ईरान की ओर से ऐसा कोई खतरा है, तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
अगर ऐसा कोई खतरा है, तो उन्हें ऐसी कीमत चुकानी पड़ेगी, जैसी किसी देश ने आज तक नहीं चुकाई होगी। मुझे उम्मीद है कि ऐसा नहीं है, लेकिन हम इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *