मंत्री नन्दी की माता विमला देवी का निधन, परिवार में शोक की लहर

*पिता के निधन के बाद मां ने ही पूरे परिवार को संभाला, उनका स्नेह और आशीर्वाद हर कठिनाई में संबल बना रहा : नन्दी*

*मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर वार्ता कर जताया शोक*
*उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंत्री नन्दी के आवास पर जाकर अर्पित की श्रद्धांजलि*

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की माता श्रीमती विमला देवी का बुधवार की सुबह निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और प्रयागराज के नाजरेथ हॉस्पिटल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान बुधवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार, शुभचिंतकों और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
मातृशोक से व्यथित मंत्री नन्दी ने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा कि, “आज माँ की छाया सिर से दूर हो गयी। पिताजी के जाने के बाद माँ ने ही परिवार को संभाला। उनका स्नेह, ममत्व और आशीर्वाद हर कठिनाई से जूझने का सम्बल था। उनकी उपस्थिति जीवन में ईश्वरीय मौजूदगी थी।”
मंत्री नन्दी के इस भावुक संदेश में मां के प्रति उनका असीम प्रेम, श्रद्धा और उनके जीवन में मां के महत्व की गहरी अनुभूति झलकती है। पिता के निधन के बाद मां ने जिस धैर्य, त्याग, ममता और समर्पण के साथ पूरे परिवार को संभाला, वह उनके लिए जीवनभर प्रेरणा और संबल बना रहा। मां का साया उनके जीवन में केवल एक पारिवारिक सहारा ही नहीं, बल्कि हर संघर्ष में हौसला देने वाली शक्ति था।
मंत्री नन्दी की माताजी के निधन की जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोबाइल फोन पर उनसे वार्ता की और इस गहरे दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक जताया।
मां का बिछुड़ना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं। श्रीमती विमला देवी का स्नेह, संस्कार और आशीर्वाद परिवार के लिए सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बहादुरगंज स्थित मंत्री नन्दी के आवास पर जाकर पार्थिव शरीर के दर्शन किए और श्रद्धांजिल अर्पित की। मंत्री नन्दी और पूर्व महापौर श्रीमती अभिलाषा गुप्ता नन्दी से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। शोक संवेदना व्यक्त किया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, विधायक पीयूष रंजन निषाद, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, महापौर गणेश केसरवानी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
भारतीय जनता पार्टी के साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, संस्थाओं, व्यापारिक संगठनों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों ने शोक संवेदना व्यक्त की।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, सांसद भोला सिंह के साथ ही कई अन्य मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोक संवेदना व्यक्त की।

