फाफामऊ गंगा घाट पर आस्था का उमड़ा सैलाब, धूमधाम से मनाई गई छठ पूजा

प्रयागराज। फाफामऊ स्थित पावन गंगा घाट पर छठ पूजा का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं सिर पर पूजा की डलिया और पूजन सामग्री लेकर गंगा घाट पहुंचीं। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
छठ पूजा को लेकर गंगा घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और भक्तिमय माहौल के बीच पूरा घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गंगा नदी में बैरिकेडिंग कराई गई थी, ताकि व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मौके पर सोरांव एसडीएम भारती मीणा, सहायक पुलिस आयुक्त अजेंद्र यादव, फाफामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक छोटक यादव, महिला दरोगा दामिनी सिंह एवं निधि पटेल सहित पुलिस की टीम मुस्तैद रही। वहीं पार्षद निशा गुप्ता, पार्षद पति श्याम जी गुप्ता और नगर निगम की टीम घाट पर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेती नजर आई। प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की सक्रियता के बीच फाफामऊ गंगा घाट पर छठ पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ

