सरकारी अस्पतालों में हथकरघा निर्मित बेडशीट व गॉज बैंडेज की आपूर्ति को लेकर मंत्री राकेश सचान ने की समीक्षा
योगी सरकार बुनकरों को उपलब्ध कराएगी सरकारी खरीद का बड़ा बाजार

सरकारी अस्पतालों में हथकरघा निर्मित बेडशीट व गॉज बैंडेज की आपूर्ति को लेकर मंत्री राकेश सचान ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र अंतिम रूप देने के निर्देश
गुणवत्ता, निर्धारित मानक और समयबद्ध आपूर्ति पर विशेष जोर
लखनऊ, 15 सितम्बर 2026। प्रदेश की योगी सरकार हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने और बुनकरों को उनके उत्पादों के लिए स्थायी एवं सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, तिलक मार्ग, डालीबाग, लखनऊ स्थित सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग में प्रयुक्त होने वाले हथकरघा उत्पादों की खरीद एवं आपूर्ति व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद और आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मंत्री राकेश सचान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था को शीघ्र प्रभावी रूप दिया जाए, जिससे एक ओर सरकारी संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण वस्त्र उपलब्ध हों और दूसरी ओर प्रदेश के बुनकरों को बड़ा एवं स्थायी बाजार मिल सके।
उल्लेखनीय है कि 07 अगस्त 2026 को लोकभवन, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य सरकारी विभागों एवं शासकीय उपक्रमों में उपयोग होने वाले प्रमुख वस्त्रों, विशेष रूप से बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 01 सितम्बर को भी मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर कार्ययोजना पर विचार किया गया था। इसी क्रम में मंगलवार को हुई बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ आपूर्ति व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकतानुसार बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने पर चर्चा हुई। इसके लिए प्रदेश के बुनकरों एवं बुनकर सहकारी समितियों से गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा, ताकि सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ स्थानीय हथकरघा उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध हो सके।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य हथकरघा उत्पादों की सरकारी खरीद को केवल खरीद प्रक्रिया तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश के बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार, स्थायी बाजार और आर्थिक मजबूती प्रदान करना है। सरकारी संस्थानों में स्थानीय बुनकरों द्वारा निर्मित उत्पादों की खरीद बढ़ने से बुनकरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी तथा युवा पीढ़ी को भी परंपरागत बुनकरी व्यवसाय से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों को आपूर्ति किए जाने वाले उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले होने चाहिए। इसके लिए उत्पादों के मानक, गुणवत्ता परीक्षण, दर निर्धारण, मांग प्राप्त करने, क्रय आदेश जारी करने, भुगतान तथा समयबद्ध आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट एवं प्रभावी बनाया जाए।
बैठक में चिकित्सा संस्थानों से उनकी वास्तविक आवश्यकता एवं निर्धारित विशिष्टियों के अनुसार मांग प्राप्त करने तथा उसके आधार पर समयबद्ध क्रय एवं आपूर्ति व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाने का भी प्रस्ताव है। नोडल अधिकारी विभिन्न चिकित्सालयों एवं मेडिकल कॉलेजों से समन्वय स्थापित कर उनकी आवश्यकता एवं आपूर्ति से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करेंगे, जिससे मांग के अनुरूप समय से उत्पाद उपलब्ध कराए जा सकें।
मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पूरी कार्ययोजना को प्राथमिकता के आधार पर अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश शीघ्र जारी करने तथा आपूर्ति व्यवस्था को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय संयुक आयुक पी. सी. ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

