ट्रांसफर में कमीशनखोरी का आरोप: दो अधिकारी निलंबित योगी सरकार की सख्त कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश
*ट्रांसफर में कमीशनखोरी का आरोप: दो अधिकारी निलंबित योगी सरकार की सख्त कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश*

*लखनऊ* उत्तर प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए व्यावसायिक शिक्षा विभाग के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। प्रशिक्षण निदेशालय में तैनात सहायक निदेशक धीरेंद्र कुमार झा और प्रधान सहायक इमरान अहमद पर स्थानांतरण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वसूली के आरोप लगे थे। प्रारंभिक जांच में शिकायतों को गंभीर पाए जाने के बाद शासन ने दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
स्थानांतरण सत्र के दौरान कर्मचारियों और अधिकारियों से मनचाही तैनाती दिलाने के नाम पर धन की मांग किए जाने संबंधी शिकायतें शासन तक पहुंची थीं। आरोप है कि तबादलों में प्रभाव डालने और फाइलों को आगे बढ़ाने के बदले कमीशन लिया जा रहा था। मामले की जांच के बाद शासन ने इसे गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।
कुछ कर्मचारियों ने अधिकारियों के खिलाफ उत्पीड़न और अनुचित दबाव बनाने की शिकायत भी दर्ज कराई थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विभागीय स्तर पर जांच कराई गई, जिसमें कई बिंदुओं पर स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया।
शासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी। जांच में आरोप सिद्ध होने पर उनके खिलाफ और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। सरकार ने दोहराया है कि भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद व्यावसायिक शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, कर्मचारियों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। शासन के इस कदम को प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

