प्रयागराज में मरम्मत के कारण 45 दिन तक शास्त्री पुल पर ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की नो-एंट्री

प्रयागराज। गंगा नदी पर बने शास्त्री सेतु के मरम्मत कार्य को लेकर बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार दारागंज से झूंसी की ओर जाने वाली लेन पर 1 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक मरम्मत, मैस्टिक एस्फाल्ट और बीसी का कार्य किया जाएगा। इस दौरान पुल की बाईं लेन पूरी तरह बंद रहेगी।
मरम्मत कार्य के दौरान शास्त्री पुल पर सभी प्रकार के भारी व्यावसायिक वाहनों जैसे ट्रक, डंपर, ट्रैक्टर-ट्रॉली, बड़ी बसें और इलेक्ट्रिक बसों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुल की दाहिनी लेन से केवल छोटे चार पहिया वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने विभिन्न जनपदों से आने-जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। कौशाम्बी से वाराणसी जाने वाले वाहन कोखराज टोल प्लाजा और हंडिया बाईपास होकर जाएंगे। वहीं रीवा और चित्रकूट की ओर से वाराणसी जाने वाले वाहनों को मिर्जापुर अथवा कोखराज-हंडिया मार्ग का उपयोग करना होगा।

