युवक ने ग्राइंडर मशीन से अपना गला काटकर आत्महत्या कर ली

मृतक की पहचान शाहरुख उर्फ अतीक (30) पुत्र मोहम्मद हबीब निवासी कोहना मोहल्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शाहरुख का पत्नी गुलफ़सा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। शाहरुख घर से ही वेल्डिंग का काम करता था और उसी से परिवार का पालन-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात शाहरुख अपने बीमार बेटे अज़हान को देखने अस्पताल गया था। बेटे के इलाज के लिए उसने करीब 18 हजार रुपये भी जमा किए थे। देर रात घर लौटने के बाद वह अपने विकलांग पिता हबीब के साथ कमरे में सो रहा था। इसी दौरान रात करीब दो बजे वह उठकर बरामदे में गया और ग्राइंडर मशीन से अपना गला रेत लिया।
करीब तीन बजे पिता की नींद खुली तो उन्होंने बेटे को आवाज दी, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। गेट अंदर से बंद होने के कारण पड़ोसियों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, जहां शाहरुख खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर थाने लाई। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कोतवाली प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

