नैनी स्थित हिगिन बॉटम यूनिवर्सिटी में शिक्षकों-कर्मचारियों का हंगामा, 27 महीने से वेतन बकाया
नैनी स्थित हिगिन बॉटम यूनिवर्सिटी में शिक्षकों-कर्मचारियों का हंगामा, 27 महीने से वेतन बकाया

प्रयागराज के नैनी स्थित सैम हिगिन बॉटम यूनिवर्सिटी में सोमवार को शिक्षकों और कर्मचारियों ने 27 महीने से वेतन न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कॉलेज के सभी गेटों पर तालाबंदी कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य गेट पर धरना देकर अपनी मांगों को रखा गया।
प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम करने की भी कोशिश की गई, लेकिन सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची नैनी पुलिस ने स्थिति को संभाला और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। इसके बाद सड़क खाली करा दी गई।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मांग है कि कॉलेज प्रशासन जल्द से जल्द पूरा वेतन और बकाया एरियर का भुगतान करे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन जारी रहेगा।
शिक्षकों का आरोप है कि कई बार प्रदर्शन और शिकायत के बावजूद प्रशासन सिर्फ आश्वासन देता है, लेकिन भुगतान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि कॉलेज में छात्रों की फीस आ रही है, फिर भी कर्मचारियों का वेतन लंबित है।
कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उनके परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं और घर चलाना मुश्किल हो गया है।

