मऊआइमा थाना क्षेत्र में नहर से मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान हो गई

प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र में नहर से मिली अज्ञात युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका बहरिया थाना क्षेत्र के मेल्हा गांव की रहने वाली मुस्कान मिश्रा (22) थी। मायके वालों ने सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों से उसकी पहचान की। इसके बाद पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया गया है।
दो साल पहले हुई थी शादी मुस्कान मिश्रा, प्रेम नारायण मिश्रा की सबसे छोटी बेटी थी। उसकी शादी 28 फरवरी 2023 को प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के बरहदा गांव निवासी धीरज मिश्रा, पुत्र पुष्कर मिश्रा के साथ हुई थी।
दहेज को लेकर प्रताड़ना का आरोप मुस्कान के भाई सुनील मिश्रा ने मऊआइमा थाने में शिकायत देते हुए आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही धीरज और उसके परिवार वाले दहेज की मांग को लेकर मुस्कान को परेशान करते थे।
पति समेत चार नामजद सुनील मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने बहनोई धीरज मिश्रा, ससुर पुष्कर मिश्रा, जेठ नीरज मिश्रा और ननद रिया मिश्रा को नामजद किया है। इन पर मुस्कान की हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप है।
फोन आया- ‘मुस्कान गायब है’ सुनील ने बताया कि 5 तारीख की शाम ससुराल से फोन आया था कि मुस्कान घर से लापता है। इसके बाद सोशल मीडिया और अखबारों में छपी तस्वीर देखकर परिवार ने शव की पहचान की।
गौरतलब है कि शुक्रवार भोर में मऊआइमा थाना क्षेत्र के भवानीगढ़ तिलाई बाजार के पास नहर में अज्ञात महिला का शव मिला था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

