November 15, 2026

आल्हा गायन से जीवंत हुआ वीरता और पराक्रम का इतिहास

0

आल्हा गायन से जीवंत हुआ वीरता और पराक्रम का इतिहास


प्रयागराज। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के अंतर्गत शुक्रवार को शहीद चंद्रशेखर आजाद पार्क में देशभक्ति से ओत-प्रोत आल्हा गायन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. सत्यपाल तिवारी, निदेशक, मानविकी विद्याशाखा, उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय एवं कार्यक्रम सलाहकार कल्पना सहाय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। उनके आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र की एकता को मजबूत बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में बुंदेलखंड के लोकगायक जितेंद्र चौरसिया एवं उनके दल ने वीर रस प्रधान आल्हा गायन की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने महोबा की लड़ाई के प्रसंगों को अपनी ओजपूर्ण आवाज में प्रस्तुत कर वीर योद्धाओं के शौर्य और पराक्रम का वर्णन किया। उन्होंने “खट-खट तेगा बोलें, खट-खट बोल रही तलवार,बड़े लड़ैया गढ़ महोबा के, जिनसे हार गई तलवार, एक खां मारे दो मर जावें, तीसरे खौफ खाये मर जाए, इतनी सुनके ऊदल चल दए, वीरा हाथ उठाये जाए वीर रस से भरपूर पंक्तियों और जोशीली गायकी ने श्रोताओं में उत्साह भर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में सहगायक शरद अनुरागी, पवन सेन ‘बुंदेलखंडी’ एवं राहुल अनुरागी ने साथ दिया। वहीं वाद्ययंत्रों पर राधारमण (ढोलक), अमन सोनी (कीबोर्ड) एवं अनुराग (परकशन) ने संगत की। कार्यक्रम सलाहकार ने मुख्य अतिथि एवं कलाकारों को पौधा व अंगवस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मनोज कुमार, शैलेन्द्र कुमार, अर्पित श्रीवास्तव, स्वप्निल उपाध्याय, केदार आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे