देव दीपावली पर काशी में जगमगाएंगे 11 लाख से अधिक दीप, योगी ने तैयारियों की समीक्षा की
*देव दीपावली पर काशी में जगमगाएंगे 11 लाख से अधिक दीप, योगी ने तैयारियों की समीक्षा की*

*20 से 23 नवंबर तक होगा गंगा महोत्सव, 24 नवंबर को भव्य देव दीपावली का आयोजन; सुरक्षा के लिए 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया घाट क्षेत्र*
*वाराणसी*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आगामी 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव और 24 नवंबर को होने वाली देव दीपावली की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देव दीपावली काशी की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। इस वर्ष काशी के सभी पक्के घाटों, रेतीले तटों और 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों, सारनाथ और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक भी पहुंचे।
*स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता*
मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर आयोजित होने वाले गंगा महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं, 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दीपावली पर दशाश्वमेध घाट की भव्य महाआरती, चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, ड्रोन शो और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने सभी आयोजनों में आमजन की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने नाविकों को सुरक्षा एवं नावों के सुव्यवस्थित संचालन का प्रशिक्षण देने तथा महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपकों को दीपोत्सव में शामिल करने के निर्देश भी दिए।
*सुरक्षा के लिए 10 जोन और 21 सेक्टर में बंटा घाट क्षेत्र*
देव दीपावली पर लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 27 वॉच टावर, ड्रोन कैमरे, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी), खोया-पाया केंद्र और पर्यटक पुलिस की तैनाती की जाएगी।
गंगा में नावों के सुरक्षित संचालन के लिए नमो घाट से अस्सी घाट तक पहली बार टू-वे लेन सिस्टम लागू किया जाएगा, जिससे नावों का आवागमन अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सकेगा।
*यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं के भी पुख्ता इंतजाम*
शहर को जाम से मुक्त रखने के लिए सात डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक को सुरक्षित, सुगम और अविस्मरणीय अनुभव मिलना चाहिए।

