September 22, 2026

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर अभाविप ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

0

 

*इलाहाबाद विश्वविद्यालय में व्याप्त समस्याओं को लेकर अभाविप ने कुलपति को सौंपा ज्ञापन

प्रयागराज, 22 सितंबर। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में शैक्षिक एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विश्वविद्यालय इकाई ने मंगलवार को कुलपति को ज्ञापन सौंपा। परिषद ने छात्रावास, पुस्तकालय, स्वास्थ्य, पेयजल, कैंटीन, खेलकूद एवं शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

परिषद द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में छात्रावासों का आवंटन छात्रावास नियमावली के अनुसार करने तथा सभी छात्रावासों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही छात्रावासों में गुणवत्तापूर्ण भोजन, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था, परिसर में पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाने तथा सभी संकायों में कैंटीनों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।

पुस्तकालय से संबंधित समस्याओं को लेकर परिषद ने विश्वविद्यालय पुस्तकालय को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कर 24 घंटे संचालित करने, पाठ्यक्रम आधारित पुस्तकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा नवनिर्मित पुस्तकालय भवन को शीघ्र विद्यार्थियों के लिए खोलने की मांग की। साथ ही प्रत्येक विभाग में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

ज्ञापन में छात्रसंघ चुनाव शीघ्र बहाल करने, बढ़े हुए प्रवेश शुल्क पर रोक लगाने तथा स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों में पूर्व निर्धारित सीटों की संख्या बहाल करने की मांग भी शामिल रही।

छात्राओं से जुड़ी सुविधाओं को लेकर परिषद ने महिला छात्रावास में महिला आगंतुकों के लिए अतिथि कक्ष एवं सभागार की व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं पिंक टॉयलेट का निर्माण, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने तथा प्रत्येक विभाग में छात्राओं के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था करने की मांग की। वहीं, विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में नियमित चिकित्सक की उपलब्धता, पर्याप्त दवाओं की व्यवस्था तथा 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय में नियमित रूप से दीक्षांत समारोह आयोजित करने, प्लेसमेंट सेल एवं इनक्यूबेशन सेंटर को प्रभावी रूप से संचालित कर अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उससे जोड़ने, व्यावसायिक एवं विधि पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने तथा शोधार्थियों को समय पर फेलोशिप प्रदान करने की मांग की गई।

परिषद ने कल्चरल सेंटर में नियमित सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन तथा मेजर ध्यानचंद एक्टिविटी सेंटर सहित क्रीड़ा परिसर को सभी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने की मांग भी रखी।

अभाविप के प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। छात्रहित से जुड़े विषयों का लंबे समय तक लंबित रहना उचित नहीं है। विश्वविद्यालय प्रशासन को इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।

इकाई अध्यक्ष हिमांशु पाण्डेय ने कहा कि छात्रावास, पुस्तकालय, स्वास्थ्य, पेयजल, कैंटीन एवं खेलकूद सहित विभिन्न सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विद्यार्थियों के सामने हैं। इन समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर परिषद द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए छात्रहित से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में समस्याओं का समाधान नहीं होने पर विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय इकाई के प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे