डॉक्टर ने भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग, कूटरचित दस्तावेजों से नामांतरण कराने का आरोप, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

प्रयागराज। चकिया क्षेत्र के रहने वाले डॉक्टर अनीस ने बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपनी जमीन पर कथित कब्जे और भूमाफियाओं के दबाव को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि लखनपुर क्षेत्र स्थित उनकी जमीन को लेकर मामला एसडीएम न्यायालय में लंबित है और अभी तक जमीन की पैमाइश भी नहीं कराई गई है। इसके बावजूद कुछ लोग कथित तौर पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
डॉक्टर अनीस के मुताबिक, वर्ष 2001 में कुछ लोगों पर कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर उनकी जमीन को अपने नाम कराने का आरोप लगा था। शिकायत के बाद संबंधित बैनामा निरस्त कर दिया गया था। उनका आरोप है कि इसके बावजूद संबंधित लोग लंबे समय से जमीन पर नजर बनाए हुए हैं ।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में कुछ दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का हस्तक्षेप है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

