तेज बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने आज जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त साईं तेजा, क्षेत्रीय पार्षदों के साथ बैठक

प्रयागराज जनपद में तेज बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या के स्थायी एवं प्रभावी समाधान के दृष्टिगत मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने आज जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त श्री साईं तेजा, क्षेत्रीय पार्षदों विनय कुमार मिश्रा (अल्लापुर), शिवसेवक सिंह (अल्लापुर) एवं आशीष द्विवेदी (जॉर्जटाउन एवं टैगोर टाउन) तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में जॉर्जटाउन, टैगोर टाउन, लिडिल रोड, अल्लापुर, बाघमरी एवं सलोरी सहित प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों में जलभराव के कारणों, ड्रेनेज कनेक्टिविटी, नालों की क्षमता एवं पंपिंग व्यवस्था का बिंदुवार परीक्षण किया गया। क्षेत्रीय पार्षदों द्वारा अवगत कराया गया कि ये क्षेत्र अपेक्षाकृत निचले भू-भाग में होने के कारण सिविल लाइंस, लोक सेवा आयोग एवं आसपास के मोहल्लों का वर्षाजल ड्रेनेज नेटवर्क के माध्यम से यहां एकत्रित होता है। अत्यधिक वर्षा के दौरान जल की बढ़ी मात्रा एवं सीमित निकासी क्षमता के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके अतिरिक्त, सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्यों के कारण कुछ स्थानों पर पुराने नालों की क्षमता प्रभावित होने की जानकारी भी दी गई।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए पार्षदों द्वारा बालसन के पानी को जॉर्जटाउन की ओर ले जाने के बजाय वैकल्पिक ड्रेनेज लाइन के माध्यम से सीधे पंपिंग स्टेशन तक डायवर्ट करने का सुझाव दिया गया।मंडलायुक्त ने संबंधित ड्रेनेज लाइन को बनाने एवं पंपिंग स्टेशनों की क्षमता-वृद्धि सहित सभी पहलुओं का तकनीकी अध्ययन कर विस्तृत रिपोर्ट एवं एस्टीमेट तैयार कराने के निर्देश दिए। डांडिया नाले की चौड़ाई बढ़ाने तथा उसे आगे अल्लापुर पंपिंग स्टेशन से जोड़ने की संभावनाओं का भी तकनीकी आकलन कराने को कहा गया। प्रस्ताव उपयुक्त पाए जाने पर अल्लापुर पंपिंग स्टेशन की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
बैठक में सोबतिया बाग में सड़क किनारे बनी ड्रेनेज लाइन पर निर्माण एवं अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर डाले गए ह्यूम पाइपों तथा चोक पॉइंट्स को हटाकर ओपन स्क्वायर ड्रेन विकसित करने एवं उसे मोरी ड्रेन से जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके लिए आवश्यक चौड़ाई एवं ड्रेनेज क्षमता का तकनीकी आकलन कर एस्टीमेट तैयार कराने को कहा गया। संगम पेट्रोल पंप के पास एक डीप संपवेल विकसित करने का भी सुझाव दिया गया। संपवेल में जल एकत्रित कर सक्शन एवं पंपिंग मशीनों के माध्यम से उसे बड़े नाले में पहुंचाने से संबंधित क्षेत्र में जलभराव को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसी क्रम में जवाहरलाल नेहरू रोड पर बनवाए गए बाईपास नाले की स्थिति की समीक्षा की गई। 25 वर्षों से बंद पड़ा यह नाला जल निगम द्वारा वर्ष 2002 में बनाया गया था। यह नाला रेलवे ब्रिज के नीचे से होते हुए रौजा तिराहे पर मिलता है। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि नाले में तीन-चार स्थानों पर आवश्यक कटिंग कर चोक पॉइंट्स का चिन्हांकन किया जाए तथा सुपर सक्शन मशीन के माध्यम से सफाई कराकर नाले को प्रभावी रूप से क्रियाशील करने का प्रयास किया जाए। कटिंग के लिए उपयुक्त स्थानों के चिन्हांकन हेतु जीपीआर मशीन की आवश्यकता बताए जाने पर मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अतिशीघ्र मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जॉर्जटाउन थाने से पंपिंग के माध्यम से निकलने वाले पानी को जवाहरलाल नेहरू रोड स्थित इस बाईपास नाले से जोड़े जाने की संभावना का भी तकनीकी अध्ययन एवं आकलन कराने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में जल निगम, गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम को संयुक्त रूप से अध्ययन कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
सीएमपी डिग्री कॉलेज के पास नगर निगम द्वारा प्रस्तावित पंपिंग स्टेशन, जिसका प्रस्ताव मुख्य सचिव के स्तर पर भेजा जा चुका है, पर भी चर्चा की गई तथा कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जिस बड़े नाले में पंपिंग के माध्यम से जल पहुंचाया जाना है, उसकी क्षमता-वृद्धि के लिए भी आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। पंपिंग स्टेशन के निर्माण से संबंधित क्षेत्र में जल निकासी की समस्या के प्रभावी समाधान की उम्मीद है।
मंडलायुक्त ने पूरे क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था का अद्यतन कंटूरिंग एवं ड्रेनेज मैप तैयार कराने के निर्देश दिए। इसमें नालों की कनेक्टिविटी, जल प्रवाह की दिशा, लो-पॉइंट एवं हाई-पॉइंट तथा पंपिंग व्यवस्था को दर्शाया जाएगा, जिससे भविष्य की ड्रेनेज योजनाएं वैज्ञानिक एवं दीर्घकालिक आधार पर तैयार की जा सकें। उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम को किसी भी स्थिति में सीवर सिस्टम से मिश्रित न करने के भी सख्त निर्देश दिए।
जॉर्जटाउन एवं टैगोर टाउन क्षेत्रों में गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की लाइनों में जमा सिल्ट की तत्काल सफाई तथा सी वाई चिंतामणि रोड के नाले को डीप ड्रेन से जोड़ने की आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, मालवीय रोड एवं जवाहरलाल नेहरू रोड पर सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के कारण प्रभावित अथवा बंद हुए पुराने नालों को तत्काल खोलकर जल निकासी बहाल कराने को कहा गया।
रौजा तिराहे पर आवश्यकतानुसार चैंबर खोलकर जल निकासी सुनिश्चित करने, बाईपास नाले में आरसीसी के बंद हिस्सों को खोलकर विभिन्न स्थानों पर सेक्शन मशीन के माध्यम से सफाई कराने तथा कृति स्कैनिंग के पास खुदाई के कारण खुली सड़क/स्थल को तत्काल सुरक्षित रूप से बंद कराने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने तथा उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

