April 29, 2026

भीषण गर्मी में बिजली की ट्रिपिंग के साथ उड़ रहा जंपर व डीओ, प्रयागराज के उपभोक्ता हो रहे परेशान

0

 

भीषण गर्मी में बिजली की ट्रिपिंग के साथ उड़ रहा जंपर व डीओ, प्रयागराज के उपभोक्ता हो रहे परेशान

संगम नगरी में गर्मी में बिजली व्यवस्था को पटरी पर लाने की तमाम कोशिश सफल नहीं हो पा रही है। सबसे खराब हालत करेली क्षेत्र में है। यहां जबरदस्त ट्रिपिंग हो रही है। प्रत्येक एक व दो घंटे में बिजली गुल हो रही है। कभी लाइनों में फाल्ट आ रहा है तो कभी जंपर व डीओ (ड्राप आउट) उड़ जा रहा है।

करेली में कल रात से आज सुबह तक ट्रिपिंग
करेली के सोलह मार्केट, मस्तान मार्केट, गौस नगर, गड्ढा कालोनी, शम्स नगर, तिरंगा चौराहा, जीटीवी नगर मुहल्ले में सुबह से लेकर देर रात तक जबरदस्त ट्रिपिंग हो रही है। सोमवार रात दस बजे से मंगलवार सुबह आठ बजे तक डेढ़-दो घंटे में 10-20 मिनट के लिए बिजली गुल होती रही। लोग उपकेंद्र पर फोन करते तो बताया जाता कि ओवरलोड से लाइन में खराबी आ गई है। कभी जंपर व डीओ उड़ने की बात बताई जाती।

बिजली कटौती से पेयजल संकट गहराया
सुबह बिजली की आवाजाही से नलकूप भी ठीक से नहीं चल सके, जिस कारण लोगों के सामने भीषण गर्मी में पेयजल समस्या भी खड़ी हो गई। यहां रहने वाले शमशाद अहमद, रेहान, जावेद का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब है। तीन दिन पहले सोलह मार्केट में एक फेस की बिजली रात करीब एक बजे चली गई जो दूसरे दिन सुबह करीब सात बजे चालू हुई।

अल्लापुर में आग से केबल जला
उधर, अल्लापुर में खुशी डेयरी के पास रविवार रात ट्रांसफार्मर के नीचे आग लग गई, जिससे केबल जल गई। जैसे-तैसे केबल दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की गई, लेकिन बिजली की ट्रिपिंग बरकरार है। कल्याणी देवी उपकेंद्र से संबंधित कटहरा, दरियाबाद, मीरापुर, अतरसुइया में भी ट्रांसफार्मरों में लगातार कोई न कोई तकनीकी खराबी आ रही है।

झूंसी में भी बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई
उधर झूंसी स्थित गोला बाजार फीडर पर ओवरलोडिंग की समस्या बनी हुई है। कभी केबल बाक्स में गड़बड़ी आ रही है तो कभी जंपर व फ्यूज उड़ रहे हैं। नई झूूंसी, गोाला बाजार, कलवारी टोला सहित कई मुहल्लों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चर्चित खबरे