February 5, 2025

ममता कुलकर्णी बनी महामंडलेश्वर श्री यामाई ममता नंद गिरि

0

ममता कुलकर्णी बनी महामंडलेश्वर श्री यामाई ममता नंद गिरि

किन्नर अखाड़ा में दीक्षा के बाद हुआ पट्टाभिषेक
संगम पर संन्यास दीक्षा, शिविर में हुआ पट्टाभिषेक

किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, जूना के महामंडलेश्वर महेन्द्रानंद गिरि, जय अम्बानंद गिरी ने दिया आशीर्वाद

महाकुंभ नगर। प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी अब सनातन धर्म में शामिल हो गयी है। किन्नर अखाड़ा में आज विधि विधान से संन्यास दीक्षा के बाद ममता कुलकर्णी महामंडलेश्वर बनी, उनका नया नाम अब श्री यामाई ममता नंद गिरी हो गया है। किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, जूना अखाड़ा के जगदगुरू गर्गाचार्य मुचकुन्द पीठाधीश्वर स्वामी महेन्द्रानंद गिरि महराज और महामंडलेश्वर स्वामी जय अम्बानंद गिरी महराज ने महामंडलेश्वर श्री यामाई ममता नंद गिरी को आशीर्वाद दिया।
प्रसिद्ध अभिनेत्री ममता कुलकर्णी गुरूवार को महाकुंभ नगरी पहुंची। वह सेक्टर -16 संगम लोवर मार्ग पूर्वी पटरी पर लगे किन्नर अखाड़ा के शिविर में पहुंची। किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज से भेंट हुई। इस दौरान करीब दो घण्टे तक विस्तार से सनातन धर्म, संन्यास सहित अन्य प्रसंगों पर चर्चा हुई। इस दौरान श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर गर्गाचार्य मुचकुन्द पीठाधीश्वर स्वामी महेन्द्रानंद गिरि महराज जूनागढ़ और श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़ा की महामंडलेश्वर स्वामी जय अम्बा नंद गिरि महाराज मौजूद थी।
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री ममता कुलकर्णी आज दोपहर बाद किन्नर अखाड़ा पहुंची। आचार्यो ने संगम पर संन्यास दीक्षा और उनका पिण्डदान कराया। उसके बाद किन्नर अखाड़ा के शिविर में ममता कुलकर्णी का पट्टाभिषेक कार्यक्रम शुरू हुआ। किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज के नेतृत्व में विधि विधान से पूजन के बाद ममता कुलकर्णी का पट्टाभिषेक संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान अखाड़े की परंपरा के अनुसार ममता कुलकर्णी का नया नाम श्री यामाई ममता नंद गिरि रखा गया। किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज ने कहा कि ममता नंद गिरी अब सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और मजबूती के लिए काम करेगी। उनका दीक्षा संस्कार और पट्टाभिषेक कार्यक्रम संपन्न हो गया है। पट्टाभिषेक कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर गर्गाचार्य मुचकुन्द पीठाधीश्वर स्वामी महेन्द्रानंद गिरि महराज, महामंडलेश्वर स्वामी जय अम्बा नंद गिरि, किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर स्वामी किरन नंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी मनिकंडन महराज, महामंडलेश्वर ऋषिकेश नंद गिरी, महामंडलेश्वर श्रीमहंत धैर्यराज नंद गिरी सहित अन्य लोग थे। उधर, जगद्गुरु स्वामी नारायणाचार्य शांडिल्य जी महाराज श्रृंगवेरपुर धाम ने कहा कि सनातन धर्म को और मजबूती प्रदान करते हुए उसका प्रचार-प्रसार करना जरूरी है, यह काम किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज कुशलतापूर्वक कर रहे हैं। वह जहां सनातन धर्म को मजबूती प्रदान करते हुए उसको आगे बढ़ा रहे हैं वहीं समाज के लोगों को जोड़कर सनातन धर्म को नयी दिशा और ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रसिद्ध सिने अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने करीब पांच दर्जन फिल्मों में काम किया था जिसमें से कई फिल्म सुपरहिट हुई थी उसके बाद फिल्म छोड़कर उनका रूझान सनातन धर्म की ओर हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *