सुपारी किलर वाहिद अंसारी एनकाउंटर में ढेर, चार गोलियां लगने से मौत

अंबेडकरनगर। पूर्वांचल में सुपारी लेकर हत्याएं करने और अवैध हथियारों की सप्लाई करने के आरोपी वाहिद अंसारी (35) को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। मंगलवार रात हुई इस कार्रवाई के दौरान वाहिद को चार गोलियां लगीं। वहीं, मुठभेड़ के दौरान जिले की एसपी बाल-बाल बच गईं।
पुलिस के मुताबिक,मंगलवार रात सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी वाहिद अंसारी अंबेडकरनगर शहर में छिपा हुआ है। उसे आशंका थी कि पुलिस उसकी तलाश में जुटी है,जिसके चलते वह वहां से भागने की फिराक में था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हो गया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख वाहिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ के दौरान वाहिद को चार गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौत हो गई।
वाहिद अंसारी को पूर्वांचल में अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले बड़े अपराधियों में गिना जाता था। उस पर सुपारी लेकर हत्या करने का भी आरोप था। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

