संगम में नाव से उतरते ही गंगा में समाया महाराष्ट्र का श्रद्धालु,चार घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

*पिता का आरोप- हम लोग चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन बचाने कोई नहीं आया; पत्नी और बच्चों के सामने हुआ हादसा*
प्रयागराज। छठ महापर्व के दौरान सोमवार सुबह संगम में स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। महाराष्ट्र से परिवार के साथ तीर्थयात्रा पर आए 42 वर्षीय दामाजी महादेव पाकमोडे नाव से उतरते समय गंगा के गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद संगम तट पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों की चीख-पुकार के बीच जल पुलिस और गोताखोरों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
*21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर आया था परिवार*
दामाजी महादेव पाकमोडे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के निवासी थे। वह अपनी पत्नी मनीषा, 12 वर्षीय बेटे और छह साल की बेटी समेत परिवार के कुल 21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर निकले थे। परिवार 14 नवंबर को ट्रैवलर बस से यात्रा पर रवाना हुआ था। अगले दिन मैहर पहुंचकर सभी ने दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सोमवार सुबह परिवार प्रयागराज पहुंचा और संगम स्नान के लिए किला घाट से दो नावों पर सवार होकर संगम की ओर रवाना हुआ।
*बल्ली टूटने से बिगड़ा संतुलन,गहरे पानी में गिरे*
परिवार के सदस्य सुबह करीब 10 बजे संगम नोज के पास पहुंचे। दामाजी के दामाद गोपाल के मुताबिक, नाव से उतरकर सभी लोग स्नान की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दामाजी नीचे उतरने लगे। आरोप है कि स्नान स्थल पर सुरक्षा के लिए लगाई गई लकड़ी की बल्ली अचानक टूट गई। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह तेज बहाव में लापता हो गए।
*10 मिनट तक लगाते रहे गुहार,नहीं मिली मदद*
हादसे के बाद परिवार के लोगों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद नाविकों और अन्य लोगों से मदद मांगी। परिजनों का आरोप है कि वे करीब 10 मिनट तक लगातार चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन किसी ने नदी में उतरकर दामाजी को बचाने की कोशिश नहीं की। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते नाविकों ने बचाव का प्रयास किया होता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।
*गोताखोरों ने शुरू किया तलाश अभियान*
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तलाश शुरू की। कुछ देर बाद जल पुलिस की टीम भी पहुंच गई। इसके बाद नदी में व्यापक स्तर पर खोज अभियान चलाया गया। गोताखोरों और जल पुलिस ने कई घंटे तक तलाश की, लेकिन दामाजी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
दारागंज थाना प्रभारी हरिकेश राय ने बताया कि हादसे के समय नदी का बहाव काफी तेज था। आशंका है कि युवक तेज धारा की चपेट में आकर बह गया। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को छतनाग तक भेजा गया है। खोज अभियान लगातार जारी है। अमृत प्रभात हिंदी दैनिक
*पत्नी और बच्चों के सामने उजड़ गया परिवार*
हादसे के समय दामाजी की पत्नी मनीषा और दोनों बच्चे भी संगम पर मौजूद थे। आंखों के सामने पति को गंगा में डूबता देख मनीषा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्य भी सदमे में हैं। दामाजी के दामाद गोपाल ने बचाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार के लोग लगातार मदद की गुहार लगाते रहे, लेकिन तत्काल कोई सहायता नहीं मिली।
*सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल*
छठ महापर्व के अवसर पर संगम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में संगम नोज पर सुरक्षा के लिए लगाई गई जाली और लकड़ी की बल्ली टूटे होने के परिजनों के आरोप ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह भी है कि संवेदनशील स्नान स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और बचाव दल की मौजूदगी के बावजूद डूबते व्यक्ति को तत्काल सहायता क्यों नहीं मिल सकी। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और नाविकों की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

