October 29, 2026

प्रमाणपत्र लेकर सीधे छात्रों के संघर्ष में पहुंचे मानसिंह यादव, सपा ने किया आंदोलन का समर्थन

0

प्रमाणपत्र लेकर सीधे छात्रों के संघर्ष में पहुंचे मानसिंह यादव, सपा ने किया आंदोलन का समर्थन

श्यामलाल पाल बोले- वादाखिलाफी कर रही सरकार, भाजपा पर लगाया फूट डालो और राज करो की नीति अपनाने का आरोप


प्रयागराज। शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश के गेट के सामने कई दिनों से धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के समर्थन में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र से नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव पहुंचे। दोनों नेताओं ने धरनास्थल पर बैठकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया और उनके आंदोलन में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार वादाखिलाफी कर रही है। बेरोजगारों, किसानों, नौजवानों समेत समाज का हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है, जिससे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।

‘जीत का प्रमाणपत्र लेकर सीधे आपके बीच आया हूं’

नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि वह जीत का प्रमाणपत्र हासिल करने के बाद सीधे प्रतियोगी छात्रों के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जीत के बाद माला पहनना उनके लिए उतना महत्वपूर्ण नहीं था, जितना छात्रों के संघर्ष में शामिल होकर उनके साथ पसीना बहाना है।

डॉ. यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर शिक्षा, शिक्षकों, छात्रों, नौजवानों, बेरोजगारों और किसानों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से आम लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रतियोगी छात्रों को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए वह हरसंभव प्रयास करेंगे और उनके संघर्ष में साथ खड़े रहेंगे।

एमएलसी ने अपनी जीत में छात्रों और नौजवानों के योगदान के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के विश्वास और समर्थन ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह जनहित के मुद्दों को उठाकर निभाने का प्रयास करेंगे।

छात्रों के बीच मतभेद पर सपा ने जताई चिंता

धरने पर बैठे प्रतियोगी छात्रों के दो गुटों में बंटने के सवाल पर सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है। पाल ने कहा कि सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय खुद देश के लिए समस्या बन गई है।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविंद्र यादव एडवोकेट, तारिक सईद अज्जू, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव, जीत राज हेला और दिलीप सोनी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *