कुंडा में धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा
कुंडा में धूमधाम से निकली भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा
रथ पर विराजमान भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र, मेन चौराहे पर राजा भैया समेत जनप्रतिनिधियों ने किया पूजन-अर्चन
कुंडा/प्रतापगढ़। भगवान विश्वकर्मा पूजनोत्सव के अवसर पर गुरुवार को कुंडा नगर में भव्य शोभायात्रा एवं झांकियां निकाली गईं। डीजे की भक्तिमय धुनों, भगवान विश्वकर्मा के जयकारों और आकर्षक झांकियों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। फूलों से सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान विश्वकर्मा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।शोभायात्रा का शुभारंभ रोडवेज बस अड्डा से शोभायात्रा समिति के संरक्षक सुंदरलाल विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन-अर्चन कर किया। इसके बाद शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। झांकियों में राधा-कृष्ण, हनुमान जी, शिव-पार्वती, मां काली तथा कृष्ण-सुदामा के स्वरूप में कलाकारों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। झांकियों के माध्यम से सनातन संस्कृति, भक्ति, प्रेम, मित्रता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।शोभायात्रा के मेन चौराहा स्थित सब्जी मंडी के पास पहुंचने पर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। राजा भैया ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन किया। इस दौरान बाबागंज विधायक एवं प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष पति कुलदीप पटेल, राजा भैया के बड़े पुत्र कुंवर शिवराज प्रताप सिंह ‘बड़े राजा’, छोटे पुत्र कुंवर बृजराज प्रताप सिंह ‘छोटे राजा’, चेयरमैन शिव कुमार त्रिपाठी ‘भगवन’, ब्लाक प्रमुख संतोष सिंह, पूर्व प्रमुख बब्लू सिंह, पूर्व प्रमुख पंकज सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। समिति की ओर से जनप्रतिनिधियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।शोभायात्रा रोडवेज बस अड्डा से अस्पताल तिराहा, तिलौरी मोड़, कबरियागंज, प्रेम नगर, मेन चौराहा, सरयू नगर होते हुए भगवन तिराहा पहुंची। यहां चेयरमैन प्रतिनिधि शिवकुमार त्रिपाठी ‘भगवन’ एवं राजेश भगवन की अगुवाई में ब्राह्मण समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा कोतवाली गेट, गांधी नगर, तहसील रोड और पोस्ट ऑफिस तिराहा होते हुए पुनः रोडवेज बस अड्डा पहुंची, जहां भंडारे के साथ आयोजन का समापन हुआ।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपराध निरीक्षक संजय सिंह पुलिस बल के साथ शोभायात्रा में मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।शोभायात्रा में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे हाथों में झंडे लेकर शामिल हुए। भगवान विश्वकर्मा के जयकारों और भक्ति गीतों से नगर गूंजता रहा।आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक सुंदरलाल, मिश्रीलाल, शिवलाल, बब्बू एवं राम लखन विश्वकर्मा सहित समिति के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का योगदान रहा। अध्यक्ष विनोद विश्वकर्मा ‘गुरुजी’, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र विश्वकर्मा व प्रेम विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष पप्पू विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष कुलदीप विश्वकर्मा, सचिव सत्येंद्र विश्वकर्मा, प्रचार-प्रसार मंत्री आकाश विश्वकर्मा एवं अनुज विश्वकर्मा समेत अन्य पदाधिकारी व्यवस्थाओं में जुटे रहे।भव्य शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और आकर्षक झांकियों ने कुंडा नगर को भक्तिमय बना दिया। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और समरसता का संदेश भी दिया।

